Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एक नहीं, 14 महिलाओं को बनाया निशाना! शादी का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी UAE से गिरफ्तार

महाराष्ट्र में 14 महिलाओं को शादी का झांसा देकर शोषण और ठगी करने के आरोपी मोहम्मद माजिन को UAE से भारत लाया गया है। उस पर एक महिला से 18 लाख रुपये लेने और निजी वीडियो बनाने का भी आरोप है। इंटरपोल के रेड नोटिस की मदद से UAE में उसकी गिरफ्तारी हुई। CBI और महाराष्ट्र पुलिस ने कार्रवाई की।
एक नहीं, 14 महिलाओं को बनाया निशाना! शादी का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी UAE से गिरफ्तार
महिलाओं को शादी का सपना दिखाया, फिर किया शोषण! इंटरपोल के रेड नोटिस से पकड़ा गयआरोपी

शादी का वादा करके महिलाओं को अपने जाल में फंसाने और उनसे पैसे ऐंठने के आरोप में वांछित मोहम्मद माजिन को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी को 20 नवंबर 2026 को UAE से भारत डिपोर्ट किया गया। वह महाराष्ट्र पुलिस के एक मामले में लंबे समय से वांछित था। जांच में आरोपी पर एक महिला को शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप है। इसके अलावा, सामने आया है कि उसने इसी तरीके से 13 अन्य महिलाओं को भी कथित तौर पर अपने जाल में फंसाया था। मामले में कार्रवाई शुरू होने के बाद वह विदेश भाग गया था।

शादी का भरोसा देकर महिला से लिए 18 लाख रुपये

महाराष्ट्र पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, मोहम्मद माजिन ने एक महिला को शादी करने का भरोसा दिया था। इसी बहाने उसने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि बाद में उसने महिला का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर महिला से धोखाधड़ी करके करीब 18 लाख रुपये भी हासिल किए। इस मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर संबंधित अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी।

एक नहीं, 14 महिलाओं को बनाया कथित तौर पर शिकार

जांच के दौरान इस मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाया था। इस तरह कुल 14 महिलाओं के शोषण का आरोप सामने आया है। आरोप है कि वह महिलाओं को शादी का भरोसा देता था और फिर उनसे पैसे वसूलता था। इसके अलावा, उसने कथित तौर पर महिलाओं के साथ बिताए निजी पलों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे। मामले की जांच और पुलिस कार्रवाई शुरू होने के बाद आरोपी भारत छोड़कर विदेश भाग गया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। विदेश में होने के कारण उसकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मदद लेने का फैसला किया गया।

INTERPOL के रेड नोटिस से UAE में पकड़ा गया आरोपी

मोहम्मद माजिन को पकड़ने के लिए महाराष्ट्र पुलिस ने CBI से संपर्क किया था। इसके बाद CBI के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB), नई दिल्ली ने इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। रेड नोटिस जारी होने के बाद इंटरपोल के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान उसकी लोकेशन UAE में मिली। इसके बाद वहां के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। रेड नोटिस के जरिए अलग-अलग देशों की पुलिस को किसी वांछित व्यक्ति के बारे में जानकारी साझा करने और उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया में सहयोग करने में मदद मिलती है।

कानूनी प्रक्रिया के बाद भारत लाया गया आरोपी

UAE में गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भारत लाने के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। वहां के प्रशासन से डिपोर्ट करने की अनुमति मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस की एक एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची। इसके बाद आरोपी को भारतीय अधिकारियों के हवाले किया गया। 20 नवंबर 2026 को उसे भारत लाया गया। भारत पहुंचने के बाद महाराष्ट्र पुलिस की टीम आरोपी को लेकर कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। अब उसे महाराष्ट्र पुलिस के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।

2019 से अब तक 300 से ज्यादा आरोपी भारत लाए गए

CBI भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है। इसका मुख्य काम देश की अलग-अलग जांच और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग दिलाना है। जब कोई आरोपी अपराध करने के बाद दूसरे देश भाग जाता है, तो CBI इंटरपोल के जरिए उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए संबंधित देशों की एजेंसियों से संपर्क करती है। CBI के मुताबिक, साल 2019 से अब तक इंटरपोल की मदद से 300 से ज्यादा वांछित आरोपियों को भारत वापस लाया जा चुका है। वहीं, अकेले 2026 में अब तक 74 आरोपियों को भारत लाने में सफलता मिली है। मोहम्मद माजिन की वापसी भी इसी अंतरराष्ट्रीय सहयोग का हिस्सा है। अब महाराष्ट्र पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts