एक नहीं, दो-दो अवतार में दिखेंगे यश!800 करोड़ की 'टॉक्सिक' को लेकर जबरदस्त क्रेज, रिलीज डेट आते ही फैंस बेकाबू

एंटरटेनमेंट डेस्क।साउथ सुपरस्टार यश की मच अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स' को लेकर फैंस का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। पिछले कई महीनों से फिल्म की रिलीज डेट लगातार बदल रही थी, जिससे दर्शकों के बीच उत्सुकता के साथ-साथ संशय भी बना हुआ था। अब मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म अब 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
केवीएन प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्टर साझा करते हुए फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। खास बात यह है कि इस नए पोस्टर में यश के दो अलग-अलग अवतार देखने को मिले हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
सामने आया यश का डबल रोल
फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान फादर्स डे के मौके पर किया गया। यश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर नया पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, 'Honour Thy Father' (अपने पिता का सम्मान करो)।
पोस्टर में यश के दो अलग-अलग किरदारों की झलक दिखाई गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में यश डबल रोल में नजर आएंगे। उनके एक किरदार का नाम राया और दूसरे का नाम टिकट बताया जा रहा है। दोनों लुक्स पूरी तरह अलग हैं और इन्हें देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: James Burrows: 11 एमी अवॉर्ड विजेता और ‘Friends’ के मास्टरमांइड का निधन, 85 साल में दुनिया को कहा अलविदा b
क्या है 'टॉक्सिक' की कहानी?
यश पहले ही फिल्म की कहानी को लेकर कुछ अहम बातें साझा कर चुके हैं। उनके अनुसार, 'टॉक्सिक' सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं है, बल्कि एक गहरी भावनात्मक प्रेम कहानी भी है। यश ने बताया था कि फिल्म में एक ऐसी कहानी दिखाई जाएगी, जिसमें प्रेम, रिश्ते, बदला और भावनाओं का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा। यह एक पिता और पुत्र के रिश्ते तथा बदले की कहानी पर आधारित है। फिल्म में भावनात्मक पहलुओं को बड़े स्तर की सिनेमाई प्रस्तुति के साथ दिखाया जाएगा। उन्होंने पहले फिल्म की तुलना हॉलीवुड की चर्चित और ऑस्कर विजेता फिल्म 'Sinners' से भी की थी।
बार-बार बदली गई फिल्म की रिलीज डेट
'टॉक्सिक' की रिलीज डेट कई बार बदली जा चुकी है। यही वजह रही कि फैंस लंबे समय से फिल्म की फाइनल रिलीज डेट का इंतजार कर रहे थे। शुरुआत में यह फिल्म 10 अप्रैल 2025 को रिलीज होने वाली थी। इसके बाद इसे आगे बढ़ाकर 19 मार्च 2026 कर दिया गया। बाद में मेकर्स ने एक बार फिर रिलीज डेट बदलते हुए इसे 4 जून 2026 के लिए तय किया।
हालांकि जून में भी फिल्म रिलीज नहीं हो सकी और इसे फिर से पोस्टपोन कर दिया गया। अब आखिरकार फिल्म की नई और अंतिम रिलीज डेट 26 अगस्त 2026 घोषित कर दी गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रिलीज डेट बदलने के पीछे कई कारण रहे। इनमें अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर और बॉक्स ऑफिस पर दूसरी बड़ी फिल्मों से टकराव से बचना प्रमुख वजहें मानी जा रही हैं। माना जा रहा है कि मेकर्स फिल्म को एक बड़े और बेहतर रिलीज विंडो में लाना चाहते थे ताकि इसे अधिक से अधिक दर्शक मिल सकें।
800 करोड़ रुपये से ज्यादा का है बजट
'टॉक्सिक' को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट करीब 800 से 850 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
इतने बड़े बजट के साथ फिल्म में शानदार विजुअल्स, बड़े एक्शन सीक्वेंस और हाई-लेवल प्रोडक्शन देखने को मिल सकता है। यश की पिछली फिल्मों की सफलता को देखते हुए मेकर्स इस प्रोजेक्ट को बेहद भव्य स्तर पर तैयार कर रहे हैं।
फिल्म में नजर आएगी सितारों से भरी स्टारकास्ट
'टॉक्सिक' में यश के अलावा कई बड़े कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया, टोविनो थॉमस, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर जैसे कलाकार शामिल हैं। इतनी बड़ी स्टारकास्ट के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
6 भाषाओं में रिलीज होगी 'टॉक्सिक'
फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्ममेकर गीतू मोहनदास ने किया है। खास बात यह है कि फिल्म की कहानी गीतू मोहनदास और यश ने मिलकर लिखी है। 'टॉक्सिक' को एक साथ कन्नड़ और अंग्रेजी भाषा में शूट किया गया है। इसके बाद इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में डब करके रिलीज किया जाएगा। यानी फिल्म कुल 6 भाषाओं में दर्शकों के सामने आएगी।
फिल्म के निर्माता भी हैं यश
अभिनय के साथ-साथ यश इस फिल्म में निर्माता की भूमिका भी निभा रहे हैं। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को वेंकट के नारायण के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यही कारण है कि यश इस फिल्म को लेकर बेहद गंभीर नजर आ रहे हैं। फिल्म के हर पहलू पर खास ध्यान दिया जा रहा है ताकि दर्शकों को एक यादगार अनुभव मिल सके।
26 अगस्त 2026 पर टिकी हैं फैंस की निगाहें
लगातार रिलीज डेट बदलने के बाद अब फैंस को आखिरकार फिल्म की निश्चित तारीख मिल गई है। यश के डबल रोल, दमदार स्टारकास्ट, विशाल बजट और रहस्यमयी कहानी ने पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त माहौल बना दिया है। अब सभी की नजरें 26 अगस्त 2026 पर टिकी हैं, जब 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स' बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।











