कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए कनाडा से आईं विदिशा की स्वाति बागरेचा नेपाल से लापता, तीन दिन से परिवार से संपर्क टूटा

विदिशा। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से 547 लोगों की मौत और 977 से अधिक लोगों के लापता होने की खबरों के बीच विदिशा की रहने वाली इंजीनियर स्वाति बागरेचा के लापता होने का मामला सामने आया है। स्वाति कनाडा के टोरंटो में रहती हैं और कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। 26 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे चीन-तिब्बत सीमा के पास से उनका परिवार से संपर्क टूट गया। परिजनों के अनुसार, स्वाति के मोबाइल पर अभी भी घंटी जा रही है, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रही हैं। मोबाइल की लोकेशन चीन बॉर्डर के आसपास बताई जा रही है।
रिटायर्ड सीएमएचओ की बेटी हैं स्वाति
स्वाति रिटायर्ड सीएमएचओ डॉ. केसी बागरेचा की बेटी हैं। वह एक जाने-माने डॉक्टर की बेटी और डॉक्टर की बहन हैं। परिजनों ने संबंधित प्रशासनिक एवं राजनयिक एजेंसियों से मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर स्वाती की सही स्थिति का पता लगाने की मांग की है। परिजनों के अनुसार, स्वाति 8 अगस्त को सद्गुरु फाउंडेशन/ईशा फाउंडेशन के 77 यात्रियों के समूह के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा पर रवाना हुई थीं। करीब दो सप्ताह की यात्रा के दौरान वह 14 अगस्त को काठमांडू पहुंचीं और वहां दो दिन रुकीं। इसके बाद समूह चीन के क्षेत्र में दाखिल हुआ और अलग-अलग पड़ावों से होते हुए मानसरोवर पहुंचा। समूह ने मानसरोवर में दो दिन प्रवास किया। परिजनों के मुताबिक, वापसी यात्रा का अंतिम पड़ाव सागर टाउन बताया गया था। इससे करीब 100 किलोमीटर दूर समूह मेडिटेशन के लिए पहुंचा था। बुधवार, 26 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे चीन-तिब्बत सीमा के पास स्वाति के बारे में परिवार को आखिरी जानकारी मिली। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। आखिरी बार उन्होंने व्हाट्सएप मैसेज के जरिए परिवार को जानकारी दी थी।
ये भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 538 पहुंचा, 1500 से ज्यादा लापता; 290 भारतीयों से संपर्क टूटा
भारतीय और नेपाली दूतावास से संपर्क
स्वाति की तलाश के लिए परिवार ने प्रशासनिक और राजनयिक स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। परिजनों ने कनाडाई दूतावास के साथ भारतीय और नेपाली दूतावास से भी संपर्क किया है। परिवार ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी बातचीत की है। इसके अलावा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्य प्रियंक कानूनगो से संपर्क किए जाने की जानकारी भी परिजनों ने दी है। स्वाति अपनी बेटी को परिवार के पास छोड़कर कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। अब परिजनों की नजर उनके मोबाइल फोन पर टिकी हुई है। फोन की घंटी बजने पर परिवार को उम्मीद बंधती है कि शायद दूसरी तरफ स्वाति होंगी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने से उनकी चिंता लगातार बढ़ रही है।
विधायक ने परिवार से की मुलाकात
विदिशा विधायक मुकेश टंडन शुक्रवार को स्वाति के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और स्वाति की तलाश में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि बागरेचा परिवार के साथ स्वाति के शुभचिंतक भी चिंतित हैं। संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर स्वाति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: नेपाल में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा! नुवाकोट में मचा हड़कंप, लोगों को इलाका छोड़ने की चेतावनी




















