PU Special :वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेजों की आसंरशीट में अब रोल नंबर की जगह होगा सिर्फ बारकोड

हर्षित चौरसिया, जबलपुर। नानाजी देशमुख वेटरनरी साइंस यूनिवर्सिटी अपने अंतर्गत संचालित डिप्लोमा कॉलेजों में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की व्यवस्था में एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रहा है। नए बदलाव के तहत मूल्यांकन व्यवस्था पूरी तरह से बारकोड सिस्टम से लैस हो जाएगी। इस नई व्यवस्था से उत्तर पुस्तिकाओं पर परीक्षार्थी का रोल नंबर नहीं, बल्कि बारकोड दर्ज रहेगा। इसी बारकोड में परीक्षार्थी की पूरी जानकारी दर्ज होगी, लेकिन मूल्यांकनकर्ता को यह नहीं पता होगा कि यह किस कॉलेज की उत्तरपुस्तिकाएं और छात्र का रोल नंबर क्या है।
डिप्लोमा कॉलेजों में अभी तक ऐसी थी व्यवस्था
विवि के परीक्षा विभाग के मुताबिक अभी तक की व्यवस्था के अनुसार, उत्तर पुस्तिका के एक हिस्से पर बारकोड और दूसरे पन्ने पर रोल नंबर दर्ज होता था। नई व्यवस्था में इस पहचान को पूरी तरह से अलग करते हुए बारकोड से ही लैस कर दिया गया है। उत्तर पुस्तिकाओं की बारकोड स्कैनिंग का कार्य 'एमपी ऑनलाइन' को सौंपा गया है। स्कैनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद मूल्यांकनकर्ता के सामने केवल बारकोड वाली कॉपी होगी, जिससे छात्र की पहचान पूरी तरह से गुप्त रहेगी।
संविदा असिस्टेंट प्रोफेसर भी जांचेंगे कॉपियां
बताया जाता है कि अभी तक उत्तर पुस्तिकाएं जांचने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से कॉलेजों के प्रोफेसरों के पास होती थी, जिससे कॉपियों के अधिक दबाव के कारण उन पर काम का बोझ रहता था। नई व्यवस्था के लागू होने से अब संविदा असि. प्रोफेसर भी कॉपियों का मूल्यांकन कर सकेंगे।
11 डिप्लोमा कॉलेजों में हैं 4 हजार विद्यार्थी
जानकारी के मुताबिक प्रदेश में वीयू से संबद्ध 5 सरकारी व 6 निजी वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेज संचालित हैं। इनमें कुल 1200 सीटें हैं। हर कॉलेज में 100-100 सीटें निर्धारित हैं, जिसमें करीब 4 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
प्रस्ताव को कार्यपरिषद की मंजूरी मिली
डिप्लोमा कॉलेजों में मूल्यांकन के लिए बारकोड की व्यवस्था लागू किए जाने के प्रस्ताव को कार्यपरिषद की स्वीकृति मिल चुकी है। आगामी परीक्षाओं में बारकोड आधारित मूल्यांकन व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य परीक्षा मूल्यांकन में गोपनीयता को और सख्त करना है। इससे संविदा असिस्टेंट प्रोफेसरों को भी मूल्यांकन का अवसर मिलेगा तथा प्रोफेसरों पर काम का दबाव कम होगा।
डॉ. आरबी सिंह, परीक्षा नियंत्रक, वीयू जबलपुर
ये भी पढ़ें: बिहार TRE-4 शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 32 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती; जानें योग्यता और परीक्षा पैटर्न












