कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालु बनकर घुसे मोबाइल चोर, सादी वर्दी में पुलिस ने 6 को दबोचा, कार जब्त

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मोबाइल और सामान चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के खिलाफ सीहोर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सादी वर्दी में श्रद्धालुओं के बीच तैनात होकर छह संदिग्धों को दबोचा। इनमें चार वयस्क आरोपी और दो विधिविरुद्ध बालक शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से ओप्पो और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन तथा करीब 14 लाख रुपए कीमत की किया कैरेंस कार जब्त की गई है।
चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने बदली रणनीति
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 को कुबेरेश्वर धाम परिसर में मोबाइल एवं अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें सामने आने के बाद थाना मंडी में अपराध क्रमांक 259/2026 एवं 260/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामले दर्ज किए गए। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में विशेष निगरानी शुरू की।
सादी वर्दी में श्रद्धालुओं के बीच तैनात हुई पुलिस
पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिसकर्मियों को सादी वर्दी में श्रद्धालुओं के बीच तैनात किया गया। टीम ने संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी और घेराबंदी कर छह लोगों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आई गिरोह की कार्यप्रणाली
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य निजी वाहन से बड़े मेलों और अत्यधिक भीड़ वाले धार्मिक स्थलों पर पहुंचते थे। श्रद्धालुओं के बीच घुल-मिलकर मौका देखकर मोबाइल, पर्स और चेन चोरी करना उनका तरीका था। पुलिस के अनुसार संदेह से बचने के लिए गिरोह में विधिविरुद्ध बालकों को भी शामिल किया जाता था।
सेंधवा और भीकनगांव के रहने वाले हैं आरोपी
मंडी थाना प्रभारी अर्चना चौहान ने बताया कि पुलिस ने अशोक शिंदे (35), पिता अर्जन शिंदे, निवासी सेंधवा, जिला बड़वानी; तालिब पठान (21), पिता शाहिद पठान, निवासी भीकनगांव, जिला खरगौन; विशाल नायक (26), पिता दिलीप नायक, निवासी सेंधवा, जिला बड़वानी और फरहान अली (22), पिता आसिफ अली, निवासी सेंधवा, जिला बड़वानी को गिरफ्तार किया है। इनके साथ दो विधिविरुद्ध बालकों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला
पुलिस के मुताबिक आरोपी अशोक शिंदे के विरुद्ध मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में लूट, मारपीट, एससी-एसटी एक्ट, जुआ तथा चोरी सहित विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं। वहीं विशाल नायक के विरुद्ध सेंधवा थाने में जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और अन्य वारदातों की भी जानकारी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें: सीहोर: नर्मदापुरम से कुबेरेश्वरधाम पहुंचे डाक कांवड़िए, बारिश में भी नहीं थमे शिव भक्तों के कदम
दो मोबाइल और 14 लाख की कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो और रियलमी कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा करीब 14 लाख रुपए कीमत की किया कैरेंस कार भी जब्त की गई है। पुलिस को आशंका है कि इसी वाहन का इस्तेमाल गिरोह द्वारा विभिन्न स्थानों पर आने-जाने के लिए किया जाता था।
अन्य जिलों की वारदातों से भी जुड़े तार तलाश रही पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने कुबेरेश्वर धाम के अलावा प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों और बड़े मेलों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान की बरामदगी के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: बरगी डैम के 9 गेट खुले, नर्मदा का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी; नरसिंहपुर, नर्मदापुरम जिलों में अलर्ट
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान, उप निरीक्षक सुनीता बेतवाल, प्रधान आरक्षक महेन्द्र सिंह राघव, उमेश वर्मा, सचिन जाट, आरक्षक नेपाल सिंह, इन्दर सिंह परमार, शिवांक भार्गव, विनय शर्मा, चालक आरक्षक अबू सूफियान तथा आरक्षक अरुण शुक्ला की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।












