ग्वालियर-श्योपुर ब्रॉडगेज लाइन पर कैलारस-बीरपुर के बीच 56 किमी रेलखंड का लोकार्पण, बीरपुर तक ट्रेन शुरू

ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल को मंगलवार को रेल विकास की बड़ी सौगात मिली। कैलारस-बीरपुर के बीच आमान परिवर्तन के बाद बने 56 किमी नवनिर्मित ब्रॉडगेज रेलखंड का 18 अगस्त को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल रूप से लोकार्पण किया। इसी के साथ 19 अगस्त से ग्वालियर-कैलारस के बीच चलने वाली तीनों दैनिक मेमू सेवाओं का विस्तार बीरपुर तक कर दिया गया है।
100 से अधिक गांवों को मिलेगी सीधी रेल कनेक्टिविटी
रेल प्रशासन के अनुसार कैलारस से बीरपुर तक नया चालू खंड करीब 56 किमी है। इससे सबलगढ़, विजयपुर और बीरपुर की ग्वालियर से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। मुरैना-श्योपुर क्षेत्र के 100 से अधिक गांवों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आगे के 70 किमी का काम भी लगभग पूरा है। अगले कुछ महीनों में रेल सेवा श्योपुर तक पहुंचने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: बहनों के लिए खुशखबरी-मप्र में पांच साल तक जारी रहेगी लाड़ली बहना योजना
शिक्षा, रोजगार और व्यापार को मिलेगा फायदा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह केवल नई रेल सुविधा नहीं, बल्कि विकास की नई संभावनाओं का द्वार है। इससे बीरपुर, सबलगढ़ और आसपास के गांवों के लोगों का ग्वालियर तक आवागमन आसान होगा। विद्यार्थियों को शिक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को बाजार और व्यापारियों को नए अवसर मिलेंगे। ग्वालियर-श्योपुरकला परियोजना पूर्ण होने पर कूनो राष्ट्रीय उद्यान तक पर्यटन भी बढ़ेगा।
श्योपुरकला तक जल्द पहुंचेगी कनेक्टिविटी
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी का यह विस्तार आने वाले समय में रोजगार, व्यापार और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगा। उन्होंने बताया कि ग्वालियर-श्योपुरकला परियोजना 188 किमी लंबी और लगभग 3,128 करोड़ रुपये की है। मध्य प्रदेश के लिए 2026-27 में 15,188 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु सरकार का बड़ा फैसला, तीसरे बच्चे पर भी मिलेगी 365 दिन की मैटरनिटी लीव
सिंधिया बोले-ग्वालियर चंबल अंचल विकास का नया अध्याय
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सबलगढ़-बीरपुर क्षेत्र को लंबे समय से प्रतीक्षित सौगात मिली है। कैलारस से बीरपुर तक आमान परिवर्तन ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास में नया अध्याय है। शीघ्र ही यह कनेक्टिविटी श्योपुरकला तक पहुंचेगी और भविष्य में कोटा तक विस्तार से विकास और व्यापक होगा। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस रेलखंड के लिए क्षेत्रवासियों ने लंबा संघर्ष किया है। मेमू का बीरपुर तक विस्तार आवागमन की सुविधा के साथ क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाला कदम है।












