Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर-मुंबई हाईवे पर 21 घंटे बाद खुला जाम, कंटेनर के बाद उसे हटाने पहुंची क्रेन भी पलटी

इंदौर-मुंबई हाईवे पर भेरू घाट के पास 21 घंटे बाद जाम खुला। कंटेनर और क्रेन पलटने से यातायात बाधित रहा। तीसरी क्रेन की मदद से वाहन हटाए गए।
इंदौर-मुंबई हाईवे पर 21 घंटे बाद खुला जाम, कंटेनर के बाद उसे हटाने पहुंची क्रेन भी पलटी
इंदौर-मुंबई हाईवे पर 21 घंटे बाद खुला जाम

इंदौर। इंदौर-मुंबई नेशनल हाईवे पर भेरू घाट के पास करीब 21 घंटे तक लगा जाम शुक्रवार शाम 5 बजे खुल सका। गुरुवार रात करीब 8 बजे आयशर वाहन और कंटेनर की टक्कर के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया था। उसे हटाने पहुंची क्रेन भी पलट गई, जिससे यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई। दो क्रेन से वाहन हटाने में सफलता नहीं मिलने पर इंदौर से तीसरी बड़ी क्रेन बुलाई गई। इसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।

धार जिले के धामनोद में वाहनों की लगी कतारें।

कंटेनर हटाने पहुंची क्रेन भी पलटी

गुरुवार रात भेरू घाट के पास आयशर वाहन और कंटेनर के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। कंटेनर को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई लेकिन राहत कार्य के दौरान क्रेन भी पलट गई। इससे सड़क पर भारी वाहनों को हटाने का काम और मुश्किल हो गया। दो क्रेन से प्रयास करने के बावजूद रास्ता पूरी तरह साफ नहीं हो सका। इसके बाद इंदौर से तीसरी बड़ी क्रेन मंगवाई गई। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे इसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया।

दो अन्य भारी ट्रक खराब होने से बढ़ी परेशानी

हाईवे पर पलटे कंटेनर के अलावा दो अन्य भारी ट्रक भी खराब हो गए थे। इससे यातायात व्यवस्था और प्रभावित हुई। शुक्रवार सुबह से मैकेनिक और क्रेन की मदद से इन वाहनों को हटाने का प्रयास किया गया। हालांकि वाहनों का वजन अधिक होने के कारण उन्हें सड़क से हटाने में काफी समय लगा। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही एक ही लेन से कराई जाती रही।

कटनी में क्रेन ऑपरेटर की संदिग्ध मौत पर प्रदर्शन, शव रखकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम; कंपनी प्रबंधन पर FIR की मांग

एक किलोमीटर लंबी कतार, निकलने में लगे दो घंटे

हादसे के बाद करीब 21 घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। एक ही लेन से वाहनों को निकाले जाने के कारण करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे वाहन चालकों को रास्ता पार करने में एक से दो घंटे तक का समय लगा। भारी वाहनों के कारण सड़क पर जगह कम होने से यातायात की रफ्तार धीमी बनी रही।

इंदौर में 50 से ज्यादा इलाकों की पुरानी पाइप लाइन काटेगा निगम:एक तरफ पानी की किल्लत, दूसरी तरफ दोहरी सप्लाय!

बस यात्रियों को सड़क किनारे करना पड़ा इंतजार

जाम का असर बस यात्रियों पर भी पड़ा। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार के कारण कई बसें निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में यात्रियों को सड़क किनारे करीब दो घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ा। वहीं कई यात्रियों को जाम वाले हिस्से को पार करने में भी लगभग दो घंटे लगे।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts