वैभव सूर्यवंशी आज कर सकते हैं डेब्यू...!आयरलैंड के खिलाफ पहला टी20, टॉप ऑर्डर में क्या होगा बदलाव?

भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार शाम 6 बजे बेलफास्ट में खेला जाएगा। इस मैच के साथ ही श्रेयस अय्यर पहली बार भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। यह सीरीज टीम इंडिया के लिए 2028 ओलिंपिक और अगले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों की शुरुआत भी मानी जा रही है। सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की है, जो इस मैच में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं।
सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका
अगर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में मौका मिलता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। उनकी उम्र 15 साल 71 दिन है। वह महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा का 15 साल 239 दिन में डेब्यू करने का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकते हैं। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था।
बतौर कप्तान पहली बार मैदान में उतरेंगे श्रेयस
श्रेयस अय्यर पहली बार भारतीय टी-20 टीम की कमान संभालेंगे। वह भारत के 15वें टी-20 कप्तान होंगे। इससे पहले एमएस धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं। श्रेयस ने अपना पिछला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2023 में खेला था।
यह भी पढ़ें: 39 साल के हुए स्टार फुटबॉलर मेसी : गिफ्ट में मिला 85 फीट ऊंचा स्टैच्यू, जानें किसने की तैयार और कितना समय लगा
मुश्किल में वैभव का डेब्यू...
वैभव को प्लेइंग-11 में शामिल करना टीम मैनेजमेंट के लिए आसान फैसला नहीं होगा। भारत के टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज पहले से मौजूद हैं, जिन्होंने हाल के मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में वैभव को मौका देने के लिए बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ सकता है।
युवा गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव जैसे युवा गेंदबाजों के पास अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा मौका रहेगा। साथ ही आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए भी आयरलैंड के साथ 2 मैचों की टी-20 सीरीज महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
किसका पलड़ा है भारी
भारत और आयरलैंड के बीच अब तक 8 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं और सभी मैच टीम इंडिया ने जीते हैं। ऐसे में नौवें मुकाबले में भी भारतीय टीम जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। आयरलैंड की ओर से बल्लेबाज लॉरकन टकर और स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज टीम के अहम खिलाड़ी होंगे।बेलफास्ट में मैच के दौरान करीब 84 प्रतिशत बारिश की संभावना है। इस मैदान पर पहले गेंदबाजी करने वाली टीम का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। यहां खेले गए 33 टी-20 मैचों में 19 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।
दोमों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग 11
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल/वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।
आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लॉरकन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), गैरेथ डेलानी, स्टीफन डोहेनी, जॉर्ज डॉकरेल, बेन कैलिट्ज, मैथ्यू हम्फ्रीज, रूबेन विल्सन और गेविन होए।











