15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड :फिफ्टी के बाद दोनों हाथों से A का साइन दिखाया, प्रिंस यादव को लगातार 2 गेंदों पर विकेट

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज की शानदार शुरुआत करते हुए पहला मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही। उन्होंने अपनी तूफानी पारी से न सिर्फ भारत को आसान जीत दिलाई, बल्कि क्रिकेट इतिहास में भी अपना नाम दर्ज करा दिया।
वैभव सूर्यवंशी 15 साल 118 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। सचिन ने 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ 16 साल 213 दिन की उम्र में पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया था।
सचिन और कुशल मल्ला का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ा
वैभव ने सिर्फ सचिन का ही नहीं, बल्कि नेपाल के कुशल मल्ला का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। मल्ला ने 2020 में अमेरिका के खिलाफ 15 साल 340 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो गया है। इतना ही नहीं, टी-20 इंटरनेशनल में भी सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अब वैभव के नाम है। उन्होंने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 16 साल 56 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
यह भी पढ़ें: नीट विवाद पर क्रिकेट जगत में निराशा! सचिन बोले- नाराजगी जायज, गिल ने कहा- सभी पक्ष छात्र हितों का ध्यान रखें
फिफ्टी के बाद मां को किया खास अंदाज में सलाम
वैभव ने अपनी शानदार पारी को अपनी मां आरती सूर्यवंशी को समर्पित किया। जैसे ही उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया, उन्होंने दोनों हाथों से अंग्रेजी अक्षर 'A' का साइन बनाया। यह उनकी मां के नाम का पहला अक्षर है। यह पल मैच का सबसे भावुक और यादगार दृश्य बन गया। वैभव ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए और बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की।
भारत ने 40 गेंद पहले हासिल किया लक्ष्य
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 126 रन का लक्ष्य दिया था। भारतीय टीम ने यह लक्ष्य सिर्फ 13.2 ओवर में यानी 40 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। 120 से ज्यादा रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह भारत का चौथा सबसे तेज रनचेज रहा।
मैच के खास मोमेंट्स
अशोक शर्मा का टी-20 डेब्यू
राजस्थान के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने इस मैच से अपना टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलने वाले अशोक को पहले मैच में विकेट नहीं मिला, लेकिन भारतीय टीम ने उन्हें यादगार जीत का तोहफा जरूर दिया।
अशोक शर्मा ने भारतीय टीम के लिए टी-20 में इंटरनेशनल डेब्यू किया
प्रिंस यादव और मयंक यादव ने भी किया कमाल
तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लिए। 20वें ओवर में उनकी लगातार दो गेंदों पर जिम्बाब्वे ने दो विकेट गंवाए। वहीं मयंक यादव ने मैच की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को आउट कर दिया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में दूसरी बार था, जब उन्होंने पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया। इस मामले में वह हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह की बराबरी पर पहुंच गए। भारत ने जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली, लेकिन इस मुकाबले की सबसे बड़ी याद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी और उनकी मां के नाम किया गया खास जश्न रहेगा











