Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिकी शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच डॉव और एसएंडपी 500 ने बनाया नया रिकॉर्ड, नैस्डैक में गिरावट

अमेरिकी शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच डॉव और एसएंडपी 500 ने बनाया नया रिकॉर्ड, नैस्डैक में गिरावट

न्यूयार्क। अमेरिकी शेयर बाजारों ने शुक्रवार को अस्थिर सत्र के बीच मिश्रित रुझान दर्ज किए। एसएंडपी 500 सूचकांक मामूली बढ़त के साथ रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज ने भी नया रिकॉर्ड क्लोजिंग हाई बनाया। दूसरी ओर, टेक शेयरों में कमजोरी के चलते नैस्डैक कंपोजिट सूचकांक में गिरावट दर्ज की गई। निवेशक अब भी उम्मीद कर रहे हैं कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व निकट भविष्य में ब्याज दरों में और कटौती करेगा, खासकर तब जब देश में सरकारी शटडाउन लगातार तीसरे दिन तक जारी रहा। शुक्रवार को एसएंडपी 500 का तकनीकी सेक्टर कमजोर हुआ, जिसमें एप्लाइड मटेरियल्स के शेयर 2.7 प्रतिशत गिर गए। कंपनी ने एक दिन पहले ही बताया था कि उसे वित्त वर्ष 2026 की आय में लगभग 600 मिलियन डॉलर का नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसके अलावा, टेस्ला के शेयर 1.4 प्रतिशत गिरे, जबकि यूटिलिटीज सेक्टर के शेयरों में 1.2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जो इस दिन के प्रमुख बढ़त वाले क्षेत्रों में रहा।

ये भी पढ़ें: बीमा कंपनियों ने 18 फीसदी तक घटाया एजेंटों, ब्रोकरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को दिया जाने वाला कमीशन

शटडाउन से नॉन-फार्म पेरोल रिपोर्ट अटकी

शटडाउन के कारण सितंबर महीने की अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल रिपोर्ट जारी नहीं हो पाई, जिससे निवेशकों के पास श्रम बाजार की स्थिति को लेकर कोई नया सरकारी डेटा नहीं था। हालांकि, इंस्टीट्यूट फॉर सप्लाई मैनेजमेंट (आईएसएम) के सर्वे ने यह दिखाया कि सर्विस सेक्टर में रोजगार लगातार चौथे महीने घटा है। इस खबर से निवेशकों की यह धारणा और मजबूत हुई कि फेडरल रिजर्व को ब्याज दरों में और कटौती करनी पड़ सकती है ताकि अर्थव्यवस्था को सहारा मिल सके। एडवर्ड जोन्स की निवेश रणनीति प्रमुख मोना महाजन ने कहा कि बीते कुछ दिनों से निवेशकों का आत्मविश्वास बढ़ा है और बाजार का रुझान उनके पक्ष में दिख रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी शटडाउन के शुरू होने के बाद से ही ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ी है। संभवतः इसका कारण अर्थव्यवस्था पर संभावित नकारात्मक असर या कमजोर रोजगार आंकड़े हैं।

आंकड़ों ने दिखाई श्रम बाजार की कमजोर तस्वीर

फेडरल रिजर्व ने सितंबर में पहली बार ब्याज दरों में कटौती की थी, जो दिसंबर के बाद पहली कटौती थी। हाल के आंकड़ों ने श्रम बाजार में कमजोरी को दिखाया है, बुधवार को आई एक रिपोर्ट में निजी क्षेत्र के रोजगार में 32,000 की गिरावट बताई गई, साथ ही अगस्त के आंकड़ों को भी घटाकर 3,000 की कमी के रूप में संशोधित किया गया। शुक्रवार को डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 238.56 अंक या 0.51 प्रतिशत बढ़कर 46,758.28 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 सूचकांक 0.44 अंक या 0.01 प्रतिशत बढ़कर 6,715.79 पर रहा, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 63.54 अंक या 0.28 प्रतिशत गिरकर 22,780.51 पर बंद हुआ। साप्ताहिक आधार पर डॉव और एसएंडपी 500 दोनों में 1.1 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि नैस्डैक में 1.3 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें: पर्याप्त बहुमत नहीं मिलने से सीनेट में चौथी बार गिरा रिपब्लिकन पार्टी का प्रस्ताव, अमेरिका में शटडाउन का असर गहराया

फेड कर सकता है 25 बेसिस प्वाइंट की दर कटौती

वित्तीय रणनीतिकारों का कहना है कि ऐतिहासिक रूप से बाजार सरकारी शटडाउन को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते, क्योंकि ये आमतौर पर अल्पकालिक होते हैं। लेकिन यदि यह बंदी लंबी खिंचती है, तो इससे आर्थिक आंकड़ों के संकलन और रिपोर्ट जारी होने में देरी हो सकती है, जिससे नीति निर्धारण कठिन हो जाएगा। शिकागो फेड के अध्यक्ष ऑस्टन गूल्सबी ने कहा कि वे ब्याज दरों में लगातार कटौती करने को लेकर सतर्क हैं, क्योंकि मुद्रास्फीति अभी भी लक्ष्य से ऊपर है। सीएमई ग्रुप के फेडवॉच टूल के अनुसार, बाजार में यह संभावना लगभग तय मानी जा रही है कि अक्टूबर में फेड 25 बेसिस प्वाइंट की दर कटौती करेगा, और दिसंबर में एक और कटौती की 84 प्रतिशत संभावना जताई जा रही है। इससे यह संकेत मिलता है कि निवेशक फिलहाल ब्याज दरों में राहत और बाजार स्थिरता की उम्मीद पर कायम हैं।

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...

Latest Posts