US-Iran Tension: शांति वार्ता के बीच फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने अमेरिकी विमान गिराने का किया दावा

अमेरिका और ईरान के शांति समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी लेकिन इसी दौरान ईरान ने दावा किया कि उसने बुशहर इलाके में एक अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है। वहीं अमेरिका ने इस दावे को पूरी तरह झूठा बताते हुए कहा कि उसके सभी विमान सुरक्षित हैं और ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
शांति वार्ता के बीच फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने अमेरिकी विमान गिराने का किया दावा
फाइल फोटो

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम और शांति समझौते को लेकर बातचीत जारी थी लेकिन इसी बीच ईरान की तरफ से एक बड़ा दावा सामने आया। ईरान ने कहा कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने बुशहर क्षेत्र में एक अमेरिकी विमान को मार गिराया है। हालांकि अमेरिकी सेना ने इस दावे को तुरंत खारिज कर दिया। इस घटना के बाद एक बार फिर दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।

ईरान के दावे से बढ़ी हलचल

दक्षिणी ईरान के बुशहर प्रांत में एक अमेरिकी फाइटर जेट को निशाना बनाया गया। ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम ने संदिग्ध सैन्य गतिविधियों के बाद कार्रवाई की। अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि यह घटना जाम काउंटी इलाके के पास हुई। जाम काउंटी के गवर्नर मसूद तंगस्तानी ने कहा कि दुश्मन के विमान को सफलतापूर्वक गिरा दिया गया है, हालांकि बाद में उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

ये भी पढ़ें: ट्रंप के 80वें जन्मदिन पर फाइटिंग मैच होगा : 4 हजार से ज्यादा दर्शक होंगे शामिल, UFC चीफ बोली- ट्रंप का आइडिया था

अमेरिका ने दावे को बताया फर्जी

ईरान के इस दावे के सामने आते ही अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए साफ कहा कि ईरान का दावा पूरी तरह गलत है। अमेरिका ने कहा कि उसका कोई भी विमान गिराया नहीं गया है और सभी एयर एसेट सुरक्षित हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी कहा कि इस तरह की खबरें माहौल खराब करने और भ्रम फैलाने की कोशिश हो सकती हैं। अमेरिका ने दोहराया कि वह अभी भी शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के पक्ष में है।

Twitter Post

शांति समझौते पर जारी है बातचीत

तनाव के बीच दोनों देशों के बीच बातचीत भी जारी है। अमेरिका और ईरान के बीच एक अस्थायी समझौते का ड्राफ्ट तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि इसमें 60 दिनों के सीजफायर को बढ़ाने और परमाणु मुद्दे पर नई बातचीत शुरू करने की बात शामिल है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि बातचीत सकारात्मक दिशा में चल रही है लेकिन अंतिम फैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। वहीं ईरान की तरफ से भी संकेत मिले हैं कि वह समझौते को लेकर बातचीत जारी रखना चाहता है।

ये भी पढ़ें: युद्ध के बाद बदलेगा ईरान! महंगाई से लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा तक, संसद से बोले खामेनेई- अब अर्थव्यवस्था संभालने का समय

होर्मुज क्षेत्र में बढ़ी सैन्य गतिविधियां

होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास सैन्य गतिविधियां बढ़ गई हैं। यह इलाका दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में माना जाता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का तनाव पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर असर डाल सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर दोनों देशों के बीच हालात फिर बिगड़ते हैं तो इसका असर तेल की कीमतों और वैश्विक बाजार पर भी दिखाई दे सकता है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

Latest Posts