अनोखा तोता :चौधरी परिवार का मिट्ठू ‘सुल्तान’ मोबाइल और टीवी का है दीवाना, वीडियो देखकर खाता है खाना

प्रभा उपाध्याय, इंदौर। शहर के मुंबई बाजार क्षेत्र में रहने वाले सलीम चौधरी के घर का एक खास सदस्य इन दिनों चर्चा में है। यह कोई इंसान नहीं, बल्कि उनका पालतू तोता है, जिसे परिवार ‘सुल्तान’ कहकर बुलाता है। करीब छह महीने पहले अहमदाबाद से लाए गए मिट्ठू ने बहुत कम समय में पूरे परिवार का दिल जीत लिया।
बच्चों जैसी हरकतें, सबका चहेता
मिट्ठू पूरे घर में आज़ादी से घूमता है और उसकी हरकतें किसी छोटे बच्चे जैसी हैं। वह कभी बच्चों के साथ खेलता है तो कभी किसी के कंधे पर बैठ जाता है। परिवार के हर सदस्य के साथ उसका खास लगाव है।
मोबाइल और टीवी का शौकीन
मिट्ठू की सबसे खास आदत उसका मोबाइल और टीवी के प्रति लगाव है। उसे यूट्यूब पर वीडियो देखना और गाने सुनना बेहद पसंद है। जब तक उसे मोबाइल पर वीडियो नहीं दिखाया जाता, वह जोर-जोर से चिल्लाकर अपनी जिद जताता है। परिवार के अनुसार, मिट्ठू रोजाना करीब आधा घंटा वीडियो देखने के बाद ही खाना खाता है। यह उसकी रोज की आदत बन चुकी है, जिसे परिवार भी अब प्यार से निभाता है।

इफ्तार में भी रहता है साथ
खाने में मिट्ठू को जाम, मिर्च और आलू के चिप्स पसंद हैं। रोजा इफ्तार के समय वह पिंजरे से बाहर आकर परिवार के साथ बैठता है और सभी के साथ खाना खाता है, मानो वह घर का ही सदस्य हो। परिवार के सदस्य समीर के साथ मिट्ठू का खास जुड़ाव है। वह अधिकतर समय उनके साथ ही बिताता है और उनका सबसे ज्यादा लाडला है। उसकी इन अनोखी आदतों ने आसपास के लोगों को भी आकर्षित कर रखा है।












