Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

उमरिया में कोयले से लदा ट्रक गहरी खाई में गिरा, 8 घंटे के रेस्क्यू के बाद ड्राइवर-खलासी को निकाला

उमरिया के नौरोजाबाद में नेशनल हाईवे-43 पर घोरछत्र नदी पुल के पास कोयले से लदा ट्रक खाई में गिर गया। ड्राइवर और खलासी केबिन में फंस गए, जिन्हें करीब 8 घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला गया।
उमरिया में कोयले से लदा ट्रक गहरी खाई में गिरा, 8 घंटे के रेस्क्यू के बाद ड्राइवर-खलासी को निकाला
उमरिया में कोयले से लदा ट्रक गहरी खाई में गिरा

उमरिया। जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर शनिवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। घोरछत्र नदी के पुल के पास कोयले से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी केबिन के अंदर फंस गए। दोनों को बाहर निकालने के लिए करीब 8 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। आखिरकार क्रेन और जेसीबी की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उन्हें पाली अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बुढ़ार से मैहर जा रहा था ट्रक

जानकारी के मुताबिक कोयले से लदा ट्रक बुढ़ार से मैहर की ओर जा रहा था। ट्रक को भगवत दास चला रहे थे जबकि सियालाल खलासी के रूप में उनके साथ मौजूद थे। शनिवार रात जब ट्रक घोरछत्र नदी के पुल के पास पहुंचा, तभी अचानक उसकी लाइट बंद हो गई। ड्राइवर भगवत दास के मुताबिक, लाइट बंद होने के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।

केबिन में फंसे रहे ड्राइवर और खलासी

हादसे के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह फंस गया जिससे ड्राइवर और खलासी बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दोनों को निकालने के लिए कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। करीब 8 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के दौरान क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रक को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद ड्राइवर और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

उमरिया में रोजगार का संकट, रोजाना 200 से 300 मजदूर परिवार के साथ कर रहे पलायन; स्टेशनों पर उमड़ी भीड़

ड्राइवर की कमर, कंधे और पैर में आई चोट

रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए पाली अस्पताल में भर्ती कराया गया। ड्राइवर भगवत दास को कमर, कंधे और पैर में चोट आई है। नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि ट्रक में सवार ड्राइवर और खलासी सुरक्षित हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts