Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इश्क, इंतकाम और साजिश! गर्लफ्रेंड से सगाई करने वाले युवक को घेरा,कार में शराब रखकर फंसाने की कोशिश

बड़गोंदा थाना क्षेत्र में गर्लफ्रेंड से सगाई की रंजिश में युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने हेमंत गौर को धमकाकर तीन चेक पर हस्ताक्षर करवाए, मोबाइल का पासवर्ड पूछकर बैंक खाते से ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर किए और दो मोबाइल फोन रख लिए। आरोप है कि युवक को फंसाने के लिए उसकी कार में कच्ची महुआ शराब से भरी तीन केन भी रख दी गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है
इश्क, इंतकाम और साजिश! गर्लफ्रेंड से सगाई करने वाले युवक को घेरा,कार में शराब रखकर फंसाने की कोशिश
प्रतीकात्मक फ़ोटो

इंदौर। देहात क्षेत्र के बड़गोंदा थाना इलाके में सगाई की रंजिश को लेकर युवक के अपहरण, मारपीट और जबरन वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड से हेमंत गौर की सगाई होने से नाराज था। इसी बात को लेकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हेमंत को निशाना बनाया। आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और जबरन तीन चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए।

ये भी पढ़ें: इंदौर में PSC की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा की मौत: हॉस्टल के कमरे में फंदे पर मिली

सगाई की बात पर रखता था रंजिश

पुलिस को दी गई शिकायत में हेमंत गौर पिता बाबूलाल गौर, निवासी गुलमर्ग परिसर, बिचौली हप्सी, कनाड़िया ने बताया कि आरोपी अभिषेक उदेनिया उससे इस बात को लेकर रंजिश रखता था कि उसने उसकी गर्लफ्रेंड से सगाई कर ली है। इसी विवाद के चलते आरोपी अपने साथियों के साथ गौशाला ग्राम आशापुरा, बड़गोंदा क्षेत्र पहुंचा। यहां आरोपियों ने हेमंत को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

ये भी पढ़ें: MP स्थापना दिवस पर सेना दिवस-2027 का आगाज, CM डॉ. मोहन यादव ने 55 जिलों की मिट्टी से लगाया संकल्प वृक्ष; 15 जनवरी को होगा भव्य आयोजन

जबरन चेक पर हस्ताक्षर, खाते से रुपए ट्रांसफर करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने हेमंत को डराकर तीन चेक पर जबरन हस्ताक्षर करवाए। इसके बाद उसका मोबाइल फोन लेकर पासवर्ड पूछा और बैंक खाते से ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर कर लिए। आरोपियों ने उसके दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पूरी घटना के दौरान उसे धमकाया गया और दबाव बनाया गया।

ये भी पढ़ें: इंदौर में मेट्रो मिशन! नर्मदा TBM ने खोदी 90 मीटर सुरंग, 8 नवंबर से दूसरी TBM भी संभालेगी मोर्चा

कार में महुआ शराब रखकर फंसाने की साजिश का आरोप

मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने हेमंत को झूठे मामले में फंसाने के उद्देश्य से उसकी कार में कच्ची महुआ शराब से भरी तीन केन रख दीं, ताकि पुलिस कार्रवाई में उसे उलझाया जा सके।

पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

पीड़ित की शिकायत पर बड़गोंदा पुलिस ने अभिषेक उदेनिया निवासी सुदामा नगर, शुभम ठाकुर निवासी महू और अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में अपहरण, मारपीट, धमकी, जबरन हस्ताक्षर करवाने और ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करने सहित लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts