Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में काजू व्यापारी की दुकान से 3.78 लाख की चोरी, बिना ताला तोड़े तीसरी मंजिल पर पहुंचा हम्माल गिरफ्तार

भोपाल के हनुमानगंज इलाके में काजू व्यापारी की दुकान से 3.78 लाख रुपये चोरी करने के आरोप में हम्माल मोहम्मद उमर गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने पूरी रकम बरामद कर ली है।
भोपाल में काजू व्यापारी की दुकान से 3.78 लाख की चोरी, बिना ताला तोड़े तीसरी मंजिल पर पहुंचा हम्माल गिरफ्तार
भोपाल में काजू व्यापारी की दुकान से 3.78 लाख की चोरी

भोपाल। राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में काजू व्यापारी की दुकान से 3 लाख 78 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक हम्माल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दुकान का ताला तोड़े बिना पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते तीसरी मंजिल तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया था। वह दुकान के काउंटर में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है।

दुकान का ताला सुरक्षित, काउंटर से गायब मिले 3.78 लाख रुपये

पुलिस के मुताबिक पुष्पानगर ऐशबाग निवासी रोहतास चौहान (42) की हनुमानगंज क्षेत्र में मां नर्मदा ट्रेडर्स के नाम से काजू की दुकान है। 25 अक्टूबर को उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि दुकान से 3 लाख 78 हजार रुपये नकद गायब हैं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दुकान का ताला सुरक्षित था और उसे तोड़े जाने के कोई निशान भी नहीं मिले थे। शुरुआत में घटनास्थल पर चोरी के स्पष्ट संकेत नहीं मिलने के कारण पुलिस के सामने चुनौती थी। हालांकि, व्यापारी की शिकायत पर कायम रहने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से नहीं मिला सुराग, हम्मालों पर हुआ शक

पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने दुकान के पास स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले मजदूरों और वहां आने-जाने वाले हम्मालों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने हम्मालों की सूची तैयार कर उनके मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। इसी दौरान एक हम्माल का मोबाइल फोन लगातार बंद मिला। उसके भोपाल से बाहर होने की जानकारी मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया और उसकी तलाश शुरू की गई।

सिरोंज में नहीं मिला आरोपी, भोपाल में घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में विदिशा जिले के सिरोंज स्थित उसके घर पहुंची लेकिन वह वहां नहीं मिला। बाद में उसके घर लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। हालांकि आरोपी पुलिस को देखकर वहां से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने भोपाल में उसके संभावित ठिकानों पर तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

भोपाल में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी, महिला से 19.70 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर हड़पे

चोरी की पूरी रकम बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद उमर (40), पिता चुन्नी, निवासी टोरी मोहल्ला, सिरोंज, जिला विदिशा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पेशे से हम्माल है। उसने पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते दुकान की तीसरी मंजिल तक पहुंचकर काउंटर में रखी नकदी चुराई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पूरे 3 लाख 78 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts