उमरिया में मालगाड़ी की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, घर पर रह गए दो मासूम बच्चे

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के चंदिया में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। रेलवे पटरी पार करते समय करण और नैना मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र तीन साल और डेढ़ साल बताई गई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
रेलवे पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आए दंपती
जानकारी के अनुसार चंदिया के वार्ड क्रमांक 10 निवासी करण और नैना मंगलवार को उमरिया बाजार गए थे। देर रात घर लौटते समय दोनों रेलवे पटरी पार कर रहे थे। इसी दौरान वे मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि नैना के सिर में गंभीर चोट आई जबकि करण के दोनों पैर कट गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घर पर थे तीन साल और डेढ़ साल के दो बच्चे
करण और नैना के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र तीन साल और डेढ़ साल बताई गई है। हादसे के समय दोनों बच्चे घर पर थे। माता-पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। इस घटना ने परिवार और आसपास के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
शहडोल में परिवार को मिली हादसे की खबर
करण के पिता राजू शाह ने बताया कि करण और नैना उमरिया बाजार गए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य शहडोल गए हुए थे। वहीं उन्हें हादसे की सूचना मिली। खबर मिलते ही वे चंदिया पहुंचे। राजू शाह के मुताबिक करण चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके तीन छोटे भाई भी हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
जीआरपी के जांच अधिकारी राम लोधी ने बताया कि पति-पत्नी की मौत मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।




















