Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल छत्तीसगढ़ दौरे पर, रायपुर से बस्तर तक सुरक्षा अलर्ट; जानिए पूरा शेड्यूल

रायपुर से जगदलपुर तक राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की तैयारी तेज, नुआखाई पर्व के सेवा सम्मान समारोह में होंगी शामिल, बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में भी करेंगी शिरकत,22/ 23 अक्टूबर को छग के प्रस्तावित दौरे पर रहेंगी। पहले दिन रायपुर के लोक भवन में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने और नुआखाई पर्व के सेवा सम्मान समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल छत्तीसगढ़ दौरे पर, रायपुर से बस्तर तक सुरक्षा अलर्ट; जानिए पूरा शेड्यूल

रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर रायपुर से लेकर बस्तर तक तैयारियां तेज हो गई हैं। दो दिवसीय दौरे में राष्ट्रपति 22 अक्टूबर को रायपुर में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगी। वहीं 23 अक्टूबर को जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शिरकत करेंगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

राष्ट्रपति का दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास प्रस्तावित है। दौरे के दौरान रायपुर और जगदलपुर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित खबर: पहला राष्ट्रपति दौरा! राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ऐतिहासिक यूरोप दौरा, तीन देशों में बढ़ेंगी भारत की नई साझेदारियां

22 अक्टूबर: रायपुर में स्मारक सिक्का जारी करेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को रायपुर स्थित लोक भवन में दोपहर 12:45 बजे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ एवं ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। निर्धारित कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रपति लोक भवन में रात्रिविश्राम करेंगी।

23 अक्टूबर: मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना

राष्ट्रपति अपने दौरे के दूसरे दिन रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी और आशीर्वाद लेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे बस्तर दशहरा के पारंपरिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी। राष्ट्रपति की मौजूदगी से इस ऐतिहासिक आयोजन का महत्व और बढ़ने की उम्मीद है।

क्या है मुरिया दरबार? आदिवासी परंपरा की अनोखी जन-संसद

बस्तर का मुरिया दरबार केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की ऐतिहासिक जन-सुनवाई परंपरा का प्रतीक है। बस्तर दशहरा की प्रमुख रस्मों में शामिल इस दरबार में पहले राजा आम लोगों और आदिवासी प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनते थे। परंपरा के अनुसार, राजा शाही पोशाक छोड़कर साधारण कपड़ों में लोगों के बीच बैठते थे और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए निर्देश देते थे। समय के साथ इस परंपरा का स्वरूप बदला है, लेकिन इसका सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व आज भी कायम है। अब विभिन्न गांवों के मुखिया और पारंपरिक प्रतिनिधि इसमें हिस्सा लेकर क्षेत्र की समस्याओं को सामने रखते हैं। बस्तर के 80 परगनों के मुखिया, चालकी, मेम्बर और मेम्बरीन की भागीदारी इस आयोजन को विशेष बनाती है।

संबंधित खबर: Gwalior Accident: PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार मुआवजे की घोषणा

75 दिनों तक चलने वाले बस्तर दशहरा का खास पड़ाव

छत्तीसगढ़ का विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट जनजातीय परंपराओं और लंबे आयोजन के लिए जाना जाता है। मुरिया दरबार इस उत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस बार राष्ट्रपति की प्रस्तावित मौजूदगी से आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर अतिरिक्त पहचान मिलने की संभावना है। उपलब्ध कार्यक्रम विवरण के अनुसार, मुरिया दरबार पहली बार जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित होगा।

राष्ट्रपति के दौरे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर और बस्तर संभाग में सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट और जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्यक्रम स्थलों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts