सीहोर में सड़क पर अवैध बोरिंग कराने पर नगर पालिका का एक्शन, मकान मालिक पर ₹10 हजार जुर्माना

सीहोर। नगर पालिका के एक्शन ने इस मुगालते को चंद मिनटों में चकनाचूर कर दिया। जैसे ही सड़क चीरती भारी मशीनों की आवाज गूंजी, प्रशासनिक अमला पूरी ताकत के साथ मौके पर आ धमका और तुरंत इस गैरकानूनी काम पर पूर्ण विराम लगा दिया।
अवैध खनन पर नपा का तुरंत एक्शन
जानकारी के अनुसार गंज क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 में वर्जीनिया एक्का नामक मकान मालिक द्वारा अपने निजी फायदे के लिए सार्वजनिक रास्ते पर बोरिंग मशीन लगवा दी गई थी। मशीन चालू हुई और जमीन के अंदर अभी महज़ एक ही पाइप धकेला गया था कि नगर पालिका की टीम ने रेड मार दी। अमले ने मौके पर पहुंचते ही काम को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया और मनमानी कर रहे लोगों की सारी हेकड़ी निकाल दी। सार्वजनिक रास्ते को नुकसान पहुंचाने और बिना किसी अनुमति के बीच सड़क पर भारी मशीनें दौड़ाने की इस हिमाकत को बर्दाश्त करने का कोई सवाल ही नहीं था।
कार्यपालन यंत्री विजय कोली के नेतृत्व में कड़क कार्रवाई
यह सख्त और सीधी कार्रवाई नगर पालिका के कार्यपालन यंत्री विजय कोली के नेतृत्व में अंजाम दी गई। विजय कोली के निर्देश पर पहुंचे दल ने मौके पर मौजूद लोगों को दो टूक चेताया कि शहर के बुनियादी ढांचे से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने न केवल अवैध खनन को तुरंत प्रभाव से बंद कराया, बल्कि मौके पर पंचनामा बनाते हुए सीधी कानूनी कार्रवाई का शिकंजा कस दिया। अफसरों की इस तेवर भरी मौजूदगी से मौके पर अवैध कार्य को शह दे रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
ये भी पढ़ें: सीहोर: श्यामपुर में सरकारी कॉलेज की मांग को लेकर NSUI का प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
मकान मालिक पर 10,000 का जुर्माना
श्री कोली ने बताया कि सड़क को निजी संपत्ति समझकर कानून तोड़ने की इस हरकत पर मकान मालिक वर्जीनिया एक्का के खिलाफ सीधे दंडात्मक कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये का भारी जुर्माना कर समन शुल्क वसूल किया गया। अधिकारियों ने साफ लहजे में हिदायत दी है कि मशीन संचालक हो या मकान मालिक, यदि किसी ने भी नगर पालिका क्षेत्र में बिना वैधानिक अनुमति के सड़कों को नुकसान पहुंचाया या सार्वजनिक जमीन पर कब्जा व खनन किया, तो सिर्फ जुर्माना ही नहीं लगेगा, बल्कि कानूनी धाराओं के तहत मशीनें जब्त कर सख्त कानूनी मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।




















