उमरिया के पठारी गांव में 15 हाथियों ने रौंदी किसानों की तीन एकड़ फसल, फॉरेस्ट टीम ने 4 घंटे में जंगल की तरफ खदेड़ा

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (बीटीआर) के धमोखर बफर क्षेत्र में सोमवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। करीब 15 हाथियों का झुंड पठारी गांव के खेतों में पहुंच गया और कई किसानों की खड़ी फसल रौंद दी। हाथियों की मौजूदगी की खबर लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को खेतों से दूर करने का प्रयास किया, लेकिन झुंड खेतों में काफी देर तक घूमता रहा।
चार घंटे चला भगाने का अभियान
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अमले ने ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी और निगरानी शुरू की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को खेतों से निकालकर जंगल की ओर खदेड़ा गया। वनकर्मियों ने हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी, ताकि वे दोबारा आबादी और खेतों की ओर न लौटें।
तीन एकड़ फसल को नुकसान
किसान रामपाल सिंह, दशरथ बैगा, सियाराम ने बताया कि हाथियों के झुंड ने खेतों में लगी हमारी फसलों को रौंद दिया। प्रारंभिक तौर पर करीब तीन एकड़ में फसल खराब होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मौके पर फसल नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व केे पास घूम रहा जंगली नर हाथी, वन विभाग ने निगरानी के साथ किया अलर्ट
लगातार बढ़ रही है हाथियों की आवाजाही
बांधवगढ़ क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही अब ग्रामीणों के लिए लगातार चिंता का कारण बन रही है। जंगल से लगे गांवों में हाथियों के झुंड रात के समय खेतों तक पहुंच जाते हैं। इससे फसल नुकसान के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा का खतरा भी बना रहता है। वन विभाग का अमला हाथियों की निगरानी कर रहा है और ग्रामीणों को रात में खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है।
निगरानी के लिए टीम गठित की है
इस बारे में धमोखर के परिक्षेत्र अधिकारी सचिन सिंह ने कहा कि हाथियों की निगरानी के लिए टीम गठित है। टीम हमेशा तैनात रहती है। शाम होते ही टीम हाथियों की तलाश शुरू कर देती है। टीम ने हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया है।
ये भी पढ़ें: बूंदों के बीच हाथियों का ‘फैमिली टाइम’, नाना गौतम संग कृष्णा की मस्ती ने जीता दिल




















