उज्जैन में 33 लाख दीयों से जगमगाई शिप्रा, 25 हजार वॉलिंटियर्स ने एक साथ प्रज्ज्वलित किए दीप

उज्जैन। शाम 7 बजे मुख्यमंत्री के दीप प्रज्ज्वलित करते ही सायरन बजा और 25 हजार वॉलिंटियर्स ने शिप्रा के दोनों तटों पर सजाए गए लाखों दीप एक साथ जला दिए। आयोजकों के अनुसार करीब तीन मिनट में शिप्रा तट और महाकाल महालोक में कुल 33 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। रामघाट समेत शिप्रा के प्रमुख घाट दीपों से जगमगा उठे और देर शाम तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत उज्जैन पहुंच चुके हैं और शुक्रवार सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होंगे।
33 लाख दीपों से जगमगाए शिप्रा के घाट
रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर, सुनहरी और भूखी माता घाट समेत शिप्रा के प्रमुख घाट दीपों से जगमगा उठे। घाटों पर एक साथ रोशन हुए दीपों का नजारा देर शाम तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिथियों के साथ रामघाट पर दीप प्रज्ज्वलन में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघी भी मौजूद रहे।
शिप्रा आरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री
दीप प्रज्ज्वलन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत अतिथियों ने शिप्रा आरती में शामिल होकर मां शिप्रा की पूजा-अर्चना की। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस दीपोत्सव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सायरन बजते ही 25 हजार वॉलिंटियर्स ने दोनों तटों पर सजाए गए दीप एक साथ जलाए, जिससे कुछ ही पलों में शिप्रा का पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

दीपों से उकेरी प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर
कार्तिक मेला ग्राउंड पर भी दीपोत्सव का आयोजन किया गया। यहां वॉलिंटियर्स ने दीपों की कतारों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर उकेरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दीपों से बनाई गई तस्वीर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
ये भी पढ़ें: NGT ने कहा-बंद खदानों को लावारिस नहीं छोड़ा जा सकता, सीसीटीवी निगरानी के निर्देश
उज्जैन पहुंचे मोहन भागवत, संघ के कार्यक्रम में हुए शामिल
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे उज्जैन पहुंचे। इससे पहले वे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां से सड़क मार्ग से उज्जैन के लिए रवाना हुए। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने दोपहर करीब 2.30 बजे से संघ के कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जो शाम 6.15 बजे तक चला। इस दौरान संघ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
RSS प्रमुख शुक्रवार को भस्म आरती में होंगे शामिल
डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार सुबह बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 7 से 9.30 बजे तक आराधना भवन में संघ के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सुबह 9.45 से 11.45 बजे तक गीता भवन, माधव विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित युवा धर्म संसद में शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे आराधना भवन लौटने के बाद शाम 4 बजे तक संघ के कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद इंदौर रवाना होंगे। शाम 5.30 बजे सुदर्शन भवन पहुंचकर रात 8.30 बजे तक संघ कार्यालय में बैठक लेंगे। रात्रि विश्राम सुदर्शन भवन में होगा। 19 सितंबर की सुबह 7.30 बजे वे सुदर्शन भवन से इंदौर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और सुबह 9 बजे इंदौर से नागपुर के लिए उड़ान भरेंगे।




















