एक्ट्रेस ट्विशा की डेडबॉडी का 3 घंटे चला पोस्टमॉर्टम :शव सौंपने की कार्रवाई जारी, बहन बोलीं अंतिम संस्कार में सास और पति को शामिल नहीं होने देंगे

भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में रविवार को बड़ा घटनाक्रम हुआ। दिल्ली AIIMS की 4 सदस्यीय मेडिकल टीम भोपाल AIIMS पहुंची, यहां पोस्टमार्टम करीब 3 घंटे चला, जिसके बाद अब शव परिवोर को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मॉर्च्यूरी के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।
ट्विशा की मौत 12 मई की रात कटारा हिल्स स्थित घर में हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहा है।
बहन बोली - सास और पति को शामिल नहीं होने देंगे
ट्विशा के भाई मेजर हर्षित ने बताया कि दोबारा पोस्टमॉर्टम के बाद शाम 5 बजे भदभदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार का गुस्सा भी खुलकर सामने आया। ट्विशा की बहन ने कहा कि सास और पति को श्मशान घाट में आने नहीं दिया जाएगा। वहीं, पिता नवनिधि शर्मा ने मामले की जल्द CBI जांच कराने की मांग दोहराई।
यह भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: भोपाल AIIMS में ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू, दिल्ली की डॉक्टर टीम ने संभाली जांच
परिवार की मांग- जल्द हो CBI जांच
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मामले को जल्द CBI को सौंपने की मांग की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले ही CBI जांच पर सहमति दे चुके हैं।परिवार ने पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शुरुआती जांच में कई अहम पहलुओं की पर्याप्त जांच नहीं हुई। इसी वजह से दूसरे पोस्टमॉर्टम की मांग की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच इस मामले पर सुनवाई करेगी। उधर, भोपाल कोर्ट में सास गिरिबाला सिंह की जमानत निरस्त करने के लिए आवेदन दायर किया गया है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होगी।
पति समर्थ 7 दिन की पुलिस रिमांड पर
आरोपी पति समर्थ सिंह को 10 दिन फरार रहने के बाद गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को कोर्ट ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। साथ ही उसका पासपोर्ट जब्त करने के आदेश भी दिए गए। पूछताछ में समर्थ ने दावा किया कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे, लेकिन अप्रैल में प्रेग्नेंसी की पुष्टि के बाद ट्विशा के व्यवहार में बदलाव आने लगा।
पूछताछ में समर्थ ने क्या कहा
समर्थ के मुताबिक, ट्विशा ने घरेलू जिंदगी से दूरी बनाने की बात कही थी और दिल्ली जाना चाहती थी। बाद में वह मां और भाई के साथ भोपाल लौटी। उसने पुलिस को बताया कि 24 अप्रैल को उसने बेंगलुरु जाने की योजना बनाई थी, लेकिन ट्विशा ने साथ जाने से इनकार कर दिया और अजमेर स्थित भाई के पास रहने की इच्छा जताई। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था।
यह भी पढ़ें: ठहाकों और तालियों से गूंजा PIMS! पीपुल्स गॉट टैलेंट में दिखा हुनर, हर परफॉर्मेंस ने ऑडियंस को किया मंत्रमुग्ध
मौत वाले दिन क्या हुआ?
समर्थ के बयान के अनुसार, 12 मई की शाम ट्विशा पार्लर से घर लौटी। दोनों ने पार्क में साथ वॉक की, खाना खाया और रात में टीवी देखा। उसका कहना है कि बाद में ट्विशा नीचे वाले कमरे में जाकर फोन पर बात करने लगी, जबकि उसे नींद आ गई। कुछ देर बाद मां गिरिबाला का फोन आया कि ट्विशा दिखाई नहीं दे रही और कॉल रिसीव नहीं कर रही। हालांकि पुलिस को समर्थ के बयानों पर संदेह है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह खुद को बचाने के लिए भ्रामक जानकारी दे सकता है। पुलिस अब घटना वाले दिन की टाइमलाइन और परिस्थितियों की विस्तार से पड़ताल कर रही है।











