Twisha Sharma Death Case:भोपाल AIIMS में ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू, दिल्ली की डॉक्टर टीम ने संभाली जांच

भोपाल के कटारा हिल्स में हुई ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब और ज्यादा चर्चा में आ गया है। 12 मई को अपने ससुराल में संदिग्ध हालत में मृत मिली ट्विशा की मौत आखिर आत्महत्या थी या हत्या, यह सवाल अब भी बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इसी बीच हाईकोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
एम्स दिल्ली के डॉक्टर पहुंचे भोपाल
ट्विशा शर्मा के दूसरे पोस्टमार्टम के लिए एम्स दिल्ली से चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची है। शनिवार रात डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची थी और आज सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम पूरी तरह वीडियोग्राफी के बीच किया जा रहा है ताकि जांच में किसी तरह की कोई कमी न रह जाए। डॉक्टरों की टीम कई अहम पहलुओं की जांच कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि ट्विशा की मौत कैसे हुई।
यह भी पढ़ें: Twisha Sharma: सीबीआई करेगी ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने की सिफारिश
हाईकोर्ट ने दी थी अनुमति
ट्विशा के परिवार ने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए थे। परिवार का कहना था कि उन्हें जांच पर भरोसा नहीं है और कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया गया है। इसके बाद परिवार ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की।
शुक्रवार को हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए सेकेंड पोस्टमार्टम की अनुमति दे दी। कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने तुरंत तैयारी शुरू की और एम्स दिल्ली से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बुलाई गई।
पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार
ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि दूसरे पोस्टमार्टम के बाद भोपाल में ही ट्विशा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार का कहना है कि उन्हें अब सच सामने आने की उम्मीद है।
वहीं ट्विशा के वकील अंकुर पांडेय ने कहा कि पोस्टमार्टम में कई अहम बिंदुओं पर जांच की जाएगी। शरीर पर चोट के निशान, मौत का समय और मौत की असली वजह जैसे पहलुओं पर डॉक्टर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
ट्विशा के परिवार ने शुरुआत से ही उसकी मौत को हत्या बताया है। परिवार का आरोप है कि ट्विशा की हत्या उसके पति समर्थ सिंह और सास गिरीबाला ने मिलकर की है। परिजनों का कहना है कि ट्विशा मानसिक रूप से मजबूत लड़की थी और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। यही वजह है कि परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
ट्विशा के दोस्तों ने भी सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर कर इस मामले में न्याय की मांग की है। दोस्तों का कहना है कि ट्विशा खुशमिजाज लड़की थी और उसके व्यवहार से कभी नहीं लगा कि वह किसी तनाव में थी।
पुलिस रिमांड में पति समर्थ सिंह
इस मामले में ट्विशा का पति समर्थ सिंह फिलहाल पुलिस रिमांड में है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि घटना के बाद समर्थ 11 दिनों तक कहां और क्यों छिपा रहा और उसकी मदद किसने की। सूत्रों के मुताबिक कुछ रसूखदार(प्रतिष्ठित व्यक्ति) लोगों के फोन भी पुलिस और अधिकारियों तक पहुंचे थे।
सुसाइड या मर्डर? सबसे बड़ा सवाल
पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या थी या फिर हत्या। शुरुआती जांच में कई बातें साफ नहीं हो सकी थीं, जिसके बाद परिवार का शक और बढ़ गया। अब दूसरे पोस्टमार्टम से उम्मीद की जा रही है कि मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। डॉक्टरों की रिपोर्ट इस केस में बेहद अहम मानी जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच भी नई दिशा में जा सकती है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव को कहा धन्यवाद
ट्विशा के पिता ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को धन्यवाद दिया है। उनका कहना है कि सरकार और प्रशासन की मदद से मामले में दोबारा जांच संभव हो सकी है। परिवार को उम्मीद है कि उन्हें जल्द न्याय मिलेगा।











