PlayBreaking News

ट्विशा शर्मा केस में बड़ा फैसला:कोर्ट ने दूसरा पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार, बॉडी होगी प्रिजर्व

भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दूसरी पोस्टमार्टम की मांग को खारिज कर दिया है। परिवार ने दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी, लेकिन अदालत ने याचिका नामंजूर कर दी। कोर्ट ने आदेश दिया है कि शव को सुरक्षित तरीके से -80 डिग्री तापमान में संरक्षित रखा जाए, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
Follow on Google News
कोर्ट ने दूसरा पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार, बॉडी होगी प्रिजर्व

भोपाल की लोकल कोर्ट ने मॉडल ट्विशा शर्मा के दोबारा पोस्टमार्टम की मांग को खारिज कर दिया है। ट्विशा के परिवार ने कोर्ट से मांग की थी कि उनका दूसरा पोस्टमार्टम दिल्ली के एम्स में कराया जाए, लेकिन लंबी सुनवाई के बाद कोर्ट ने यह अर्जी नामंजूर कर दी।

इस मामले में परिवार की ओर से पेश हुए वकील ने बताया कि कोर्ट ने पुलिस और संबंधित एसएचओ को निर्देश दिए हैं कि शव को ऐसी जगह सुरक्षित रखा जाए, जहां माइनस 80 डिग्री तापमान में बॉडी को प्रिजर्व किया जा सके। साथ ही कोर्ट ने पुलिस को इस संबंध में तुरंत जानकारी देने के लिए भी कहा है। 

ट्विशा के परिवार की क्या थी मांग?

ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप है कि भोपाल में हुए पहले पोस्टमार्टम में कई महत्वपूर्ण बातें नजरअंदाज की गईं। परिवार ने भोपाल AIIMS की रिपोर्ट पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि निष्पक्ष जांच के लिए दोबारा पोस्टमार्टम जरूरी है। परिवार चाहता था कि दूसरा पोस्टमार्टम दिल्ली AIIMS में कराया जाए ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। उनका कहना है कि ट्विशा के शरीर पर चोटों के निशान थे, जिन्हें गंभीरता से नहीं देखा गया। हालांकि कोर्ट ने दूसरी पोस्टमार्टम की अनुमति नहीं दी, लेकिन शव को सुरक्षित रखने के निर्देश जरूर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

CM डॉ. मोहन यादव से मिले परिजन

इस मामले ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। ट्विशा के परिवार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए सीबीआई को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोर्ट आदेश देगा तो दोबारा पोस्टमार्टम जरूर कराया जाएगा।

आखिर क्या है पूरा मामला?

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। पुलिस के मुताबिक, उनका शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया। समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं, जबकि उनकी मां गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जिला अतिरिक्त न्यायाधीश (ADJ) रह चुकी हैं।

पति समर्थ सिंह फरार, जमानत याचिका खारिज

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि ट्विशा के पति समर्थ सिंह अब भी फरार हैं। कोर्ट पहले ही उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुकी है। इसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं उनकी मां गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी है। परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।

यह भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: सुसाइड या साजिश की गुत्थी पर आज कोर्ट में होगी सुनवाई, क्या फिर होगा पोस्टमार्टम?

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ट्विशा के परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिवार ने दहेज प्रताड़ना के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, ट्विशा करीब दो महीने की गर्भवती थीं। उनका कहना है कि उनकी मौत सामान्य नहीं है और मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।

डेटिंग ऐप से हुई थी मुलाकात

ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही यह मामला अब देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

अब आगे क्या होगा?

कोर्ट ने दूसरी पोस्टमार्टम की अनुमति नहीं दी है, लेकिन शव को सुरक्षित रखने के आदेश दिए हैं। अब परिवार आगे की कानूनी रणनीति पर फैसला करेगा। दूसरी तरफ पुलिस फरार पति समर्थ सिंह की तलाश में जुटी हुई है। वहीं परिवार लगातार सीबीआई जांच की मांग कर रहा है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts