तुर्किये के स्टील प्लांट में धमाके से 3 की मौत, 14 घायल; 10 लोग लापता

तुर्किये के पश्चिमी इलाके में सोमवार दोपहर एक स्टील प्लांट में जोरदार धमाका हो गया। इजमिर प्रांत के अलीआगा इलाके में स्थित हबास आयरन एंड स्टील प्लांट में हुए इस हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 लोग घायल हैं। वहीं, 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनके मलबे में दबे होने की आशंका है।
लिक्विड स्टील की ढलाई के दौरान टूटी क्रेन
स्थानीय गवर्नर कार्यालय के बयान के मुताबिक, प्लांट में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे विस्फोट हुआ। शुरुआती जांच में पता चला है कि लिक्विड स्टील की ढलाई के दौरान एक सीलिंग क्रेन टूटकर नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि क्रेन सीधे आर्क फर्नेस में जा गिरी, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। आसपास धूल का घना गुबार दिखाई दिया। स्थानीय टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में प्लांट के ऊपर धूसर रंग की धूल उठती नजर आई।
14 घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल हुए 14 लोगों को इलाज के लिए आसपास के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
10 लापता लोगों की तलाश जारी
धमाके की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे 10 लोगों को बाहर निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जांच में क्रेन टूटने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, घटना के सही कारणों और नुकसान का पूरा आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।




















