पाकिस्तान में महिला टीवी एंकर की गोली मारकर हत्या, पति पर शक, जांच जारी

पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर में एक महिला टीवी एकंर की उनके घर में गोली मार कर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान राबिया अहसान के रूप में हुई है। वह एक स्थानीय निजी टीवी चैनल में एंकर और कार्यक्रम होस्ट के तौर पर काम करती थीं। पुलिस ने इस मामले में उनके पति को हिरासत में लिया है। साथ ही एक संदिग्ध हथियार भी जब्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार को रावलपिंडी के गुलशनबाद इलाके में हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और जरूरी सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
पति को पुलिस ने हिरासत में लिया, हथियार जब्त
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने राबिया अहसान के पति को हिरासत में लिया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल होने की आशंका वाले हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए CPO ने SSP ऑपरेशंस और SSP इन्वेस्टिगेशंस के साथ घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी वहां मौजूद रही। टीम ने घर से जरूरी सबूत इकट्ठा किए, ताकि घटना से जुड़ी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस के मुताबिक, घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी ने पूछताछ के दौरान बताया कि राबिया के पति ने गोली गलती से चलने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और महिला की मौत कैसे हुई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने राबिया अहसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पंजाब फॉरेंसिक साइंस एजेंसी (PFSA) की टीमें भी घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक पुलिस ने घटना को लेकर किसी अंतिम नतीजे की घोषणा नहीं की है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हथियार की भी जांच की जा रही है।
आसिफा भुट्टो-जरदारी ने जताया दुख, निष्पक्ष जांच की मांग
पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो-जरदारी ने भी राबिया अहसान की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मामले की पूरी, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाना जरूरी है, ताकि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जा सके।
आसिफा ने रावलपिंडी में ही एक अन्य महिला की हत्या का मामला भी उठाया। उन्होंने 45 वर्षीय डिजिटल मीडिया एग्जीक्यूटिव हिना जावेद की मौत का जिक्र किया। हिना अगस्त में रावलपिंडी स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके शरीर पर यातना के निशान भी मिले थे। आसिफा ने इस मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि हिना जावेद की हत्या की जांच के नतीजों का अब भी इंतजार है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ हो रही ऐसी घटनाओं को गंभीर बताते हुए जांच में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया। फिलहाल राबिया अहसान की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और पूछताछ के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।




















