ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड की तैनाती बढ़ाई, तीन राज्यों से आएंगे 700 अतिरिक्त सैनिक, मेयर ने जताया विरोध

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में हालात बिगड़ने का हवाला देते हुए नेशनल गार्ड की तैनाती बढ़ाने का फैसला किया है। वेस्ट वर्जीनिया, साउथ कैरोलिना और ओहियो से कुल 700 अतिरिक्त सैनिक राजधानी भेजे जा रहे हैं। इस कदम के साथ ही डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस को भी सीधे केंद्र सरकार के नियंत्रण में ले लिया गया है। ट्रंप के इस फैसले की आलोचना हो रही है, जबकि स्थानीय प्रशासन का कहना है कि अपराध दर घटी है।
तीन राज्यों से बुलाए गए सैनिक
वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर ने 300 से 400 नेशनल गार्ड वॉशिंगटन भेजने की घोषणा की है। वहीं, साउथ कैरोलिना से 200 और ओहियो से करीब 150 गार्ड राजधानी पहुंचेंगे। इस समय वॉशिंगटन में पहले से ही 800 नेशनल गार्ड तैनात हैं। अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती से उनकी संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी। हालांकि, तैनाती को लेकर शनिवार को कई जगह लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।
राष्ट्रपति का तर्क, राजधानी काबू से बाहर
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि राजधानी हिंसक गिरोहों और अपराधियों के कब्जे में है। उन्होंने दावा किया कि 2024 में हिंसक अपराध 30 साल के निचले स्तर पर पहुंचे थे, लेकिन हाल के महीनों में हालात बिगड़े हैं। राष्ट्रपति के मुताबिक, “नेशनल गार्ड की मदद से हम राजधानी में कानून और व्यवस्था बहाल करेंगे।”
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक वॉशिंगटन डीसी में 98 लोगों की हत्या हो चुकी है और नस्लीय झगड़ों के चलते करीब 3,782 लोग बेघर हुए हैं।
पुलिस भी केंद्र सरकार के नियंत्रण में
ट्रंप ने घोषणा की है कि उन्होंने डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया होम रूल एक्ट की धारा 740 लागू कर दी है। इसके तहत राजधानी की पुलिस अब सीधे राष्ट्रपति और केंद्र सरकार के आदेशों पर काम करेगी।
ये भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की टेल रनवे से टकराई, सभी यात्री सुरक्षित, खराब मौसम बना वजह
इस कानून का इस्तेमाल 1970 में बनाया गया था, जो राष्ट्रपति को इमरजेंसी की स्थिति में 48 घंटे तक पुलिस का कंट्रोल लेने की अनुमति देता है। अगर संसद की समितियों को औपचारिक सूचना दी जाए, तो यह अवधि और बढ़ाई जा सकती है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि ट्रंप ने वह सूचना दी है या नहीं।
मेयर बोउजर ने किया विरोध
वॉशिंगटन की मेयर म्यूरियल बोउजर ने राष्ट्रपति के कदम की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नहीं बढ़ा, बल्कि घटा है। बोउजर के अनुसार, 2024 में हिंसक अपराध 35% कम हुए और 2025 के पहले सात महीनों में भी 26% की गिरावट दर्ज की गई। कुल अपराध दर में भी 7% की कमी आई है।
हालांकि उन्होंने माना कि गोलीबारी अब भी चिंता का विषय है। 2023 में अमेरिका में गोलीबारी से होने वाली हत्याओं में वॉशिंगटन तीसरे स्थान पर रहा था।












