ट्रंप ने खुद को जगाने के लिए हायर की ‘मिस्ट्री गर्ल’? वायरल वीडियो ने मचाई हलचल, फिर सामने आया सच

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रंप के पीछे खड़ी एक महिला बार-बार सिर हिलाती और अपने पेट पर हाथ रखती नजर आती हैं। वीडियो कुछ सेकेंड का है, लेकिन इंटरनेट पर इसे लेकर तरह-तरह की बातें शुरू हो गईं। सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला को मजाक में ‘द जैपर’ और ‘ट्रंप की अलार्म घड़ी’ तक कहना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने तो यह तक दावा कर दिया कि महिला के पास कोई ऐसा बटन या डिवाइस है, जिससे वह ट्रंप को झपकी लेने पर जगा रही थीं। हालांकि, इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हुई। बाद में महिला ने खुद सामने आकर बताया कि वह बार-बार अपने पेट पर हाथ क्यों रख रही थीं।
कौन हैं ट्रंप के पीछे नजर आईं महिला?
वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला का नाम जैमी लीग फ्रैंकलिन बताया गया है। वह अमेरिकी राजनीति और कंजर्वेटिव मीडिया से लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। फ्रैंकलिन ने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में काम किया था। वह रिपब्लिकन राजनीति से भी जुड़ी रही हैं और साल 2020 में ट्रंप के चुनाव अभियान का हिस्सा थीं।
10 अगस्त को ओवल ऑफिस में क्या हुआ?
बताया गया कि 10 अगस्त को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें बच्चों के वैक्सीनेशन से जुड़े नए निर्देशों पर चर्चा हो रही थी। कार्यक्रम में ट्रंप के अलावा अमेरिका के स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर समेत कई लोग मौजूद थे। इसी दौरान कैमरे में एक ऐसा पल रिकॉर्ड हुआ, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। ट्रंप कुछ समय के लिए आंखें बंद किए और सिर झुकाए नजर आए। इसके पीछे खड़ी फ्रैंकलिन अपने पेट पर हाथ रखती दिखाई दीं। कुछ ही देर बाद ट्रंप फिर सीधे होकर बैठे नजर आए।
ट्रंप की करीबी कैरोलिन लेविट छोड़ेंगी व्हाइट हाउस, जानिए क्या है वजह?
सोशल मीडिया ने बना दी ‘जैपर’ की कहानी
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर मीम्स और मजेदार पोस्ट की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि फ्रैंकलिन के पेट के पास कोई छिपा हुआ बटन है। लोगों ने मजाक में कहा कि जब ट्रंप को नींद आती है तो फ्रैंकलिन उस बटन को दबाकर उन्हें ‘जगा’ देती हैं। कुछ लोगों ने उन्हें ट्रंप की ‘अलार्म घड़ी’ भी कहना शुरू कर दिया। इस दावे को लेकर तरह-तरह की मीम्स और सोशल मीडिया थ्योरी सामने आने लगीं। लेकिन अहम बात यह है कि इस दावे का कोई सबूत नहीं है। वीडियो में भी ऐसा कोई डिवाइस साफ तौर पर दिखाई नहीं देता, जिससे यह साबित हो सके कि महिला के पास ट्रंप को जगाने के लिए कोई बटन था।
फिर महिला ने खुद खोल दिया पूरा राज
जब ‘जैपर’ वाली कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगी, तब जैमी लीग फ्रैंकलिन ने खुद इसका जवाब दिया। उन्होंने एक वायरल पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए लिखा- I'm just pregnant you weirdos. इसका सीधा मतलब है कि मैं सिर्फ प्रेग्नेंट हूं।
यानी उनके पेट पर हाथ रखने की वजह कोई सीक्रेट बटन या ट्रंप को जगाने वाला डिवाइस नहीं था। वह गर्भवती हैं और इसी वजह से वीडियो में उनका हाथ बार-बार पेट पर जा रहा था। उनके इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर चल रही ‘जैपर’ वाली थ्योरी की हवा निकल गई।
ट्रंप के हेलिकॉप्टर से टकराते-टकराते बचा पैसेंजर विमान! अमेरिकी एजेंसियों ने शुरू की जांच
ट्रंप के ‘Sleepy Joe’ तंज से भी जुड़ा मामला
इस वायरल वीडियो की एक राजनीतिक कड़ी भी है। डोनाल्ड ट्रंप अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को लंबे समय तक ‘Sleepy Joe’ कहकर निशाना बनाते रहे हैं। बाइडेन के सार्वजनिक कार्यक्रमों में कभी-कभी उनके थके हुए या आंखें बंद किए हुए नजर आने को लेकर भी चर्चा होती रही है। ट्रंप ने कई बार इसी बात को राजनीतिक मुद्दा बनाया।
अब जब ट्रंप के कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों के वीडियो में उन्हें आंखें बंद किए या कुछ समय के लिए थका हुआ देखा जाता है, तो सोशल मीडिया यूजर्स उनके पुराने ‘Sleepy Joe’ तंज को पलटकर ट्रंप के लिए ‘Sleepy Don’ शब्द का इस्तेमाल करने लगे हैं।











