PU Special :ट्रैफिक नियम तोड़ने में ग्वालियर प्रदेश में सबसे आगे, इंदौर दूसरे नंबर पर; 2190 DL निलंबित

मध्य प्रदेश में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 2190 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किए गए। ग्वालियर सबसे आगे और इंदौर दूसरे नंबर पर रहा।
Follow on Google News
ट्रैफिक नियम तोड़ने में ग्वालियर प्रदेश में सबसे आगे, इंदौर दूसरे नंबर पर; 2190 DL निलंबित
ट्रैफिक नियम तोड़ने में ग्वालियर प्रदेश में सबसे आगे

आशीष शर्मा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 1 अप्रैल से 30 जून 2026 के बीच तेज गति से वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग, रेड लाइट जंप करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के मामलों में प्रदेशभर के 2,190 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किए गए हैं। इन आंकड़ों में ग्वालियर सबसे आगे रहा। इन प्रमुख ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामलों में ग्वालियर के सबसे ज्यादा ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित हुए। इसके बाद इंदौर दूसरे और जबलपुर तीसरे स्थान पर रहा। परिवहन विभाग ने कार्रवाई की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति को भी भेज दी है।

ग्वालियर में सबसे ज्यादा DL हुए सस्पेंड

परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, ग्वालियर में तेज गति, रेड लाइट जंप और नशे में वाहन चलाने जैसे मामलों में कुल 409 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। इनमें 214 दोपहिया और 195 चार पहिया वाहन चालक शामिल हैं। इंदौर में कुल 254 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित हुए। इनमें 139 दोपहिया और 115 चार पहिया वाहन चालक हैं। जबलपुर में कुल 172 लाइसेंस निलंबित किए गए जिनमें 13 दोपहिया और 159 चार पहिया वाहन चालक शामिल हैं। राजधानी भोपाल में कुल 82 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। इनमें 18 दोपहिया और 64 चार पहिया वाहन चालक शामिल हैं।

1.68 लाख से ज्यादा वाहन चालकों के चालान

सिर्फ DL निलंबन तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने 1 अप्रैल से 30 जून 2026 के बीच बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी बड़े स्तर पर चालानी कार्रवाई की। इस अवधि में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1,42,060 लोगों के चालान किए गए। वहीं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 26,689 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। दोनों को मिलाकर कुल 1,68,749 वाहन चालकों के चालान काटे गए और 15 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया।

ये भी पढ़ें: वाहन चैकिंग-माचलपुर में स्कूल बसों केे दस्तावेज नहीं मिले; 30 हजार रुपए का जुर्माना, ओवरलोडिंग वाले 3 'मैजिक' जप्त

कुछ जिलों में एक भी DL निलंबित नहीं

आंकड़ों में प्रदेश के कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां इस अवधि में इन मामलों में एक भी ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित नहीं किया गया। इनमें आगर-मालवा, अलीराजपुर, अनूपपुर, अशोकनगर, दतिया, निवाड़ी, हरदा, खंडवा और नीमच शामिल हैं। हालांकि इसका यह मतलब जरूरी नहीं है कि इन जिलों में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ। उपलब्ध आंकड़े केवल उन मामलों में हुई DL निलंबन की कार्रवाई को दर्शाते हैं।

पिछली तिमाही में 2257 DL हुए थे निलंबित

परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी से 31 मार्च 2026 की अवधि में प्रदेशभर में कुल 2,257 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए थे। इसके मुकाबले 1 अप्रैल से 30 जून की अवधि में 2,190 DL निलंबित किए गए। विभाग ने इन कार्रवाई के आंकड़ों की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति को भेज दी है।

ये भी पढ़ें: धनोरा में कॉलेज और मिनी स्टेडियम की मांग, 20 दिन में कार्रवाई नहीं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। तेज गति, नशे में ड्राइविंग, रेड लाइट जंप करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने जैसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा रहे हैं। डिप्टी टीसी किरण शर्मा के मुताबिक प्रदेश में ऐसे 2,190 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किए गए हैं और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts