Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

वाहन चैकिंग-माचलपुर में स्कूल बसों केे दस्तावेज नहीं मिले; 30 हजार रुपए का जुर्माना, ओवरलोडिंग वाले 3 'मैजिक' जप्त

राजगढ़ जिले के माचलपुर और खिलचीपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग ने वाहनों की जांच के दौरान स्कूल बसों के दस्तावेज अधूरे मिलने पर 30 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। क्षमता से अधिक बच्चों को ले जा रहे तीन मैजिक वाहन जब्त किए गए। जीरापुर में दो वाहन शोरूम के डिलीवरी रजिस्टर भी जांच के लिए जब्त किए गए।
वाहन चैकिंग-माचलपुर में स्कूल बसों केे दस्तावेज नहीं मिले; 30 हजार रुपए का जुर्माना, ओवरलोडिंग वाले 3 'मैजिक' जप्त
खिलचीपुर। वाहन चैकिंग के दौरान माचलपुर में तीन ओवरलोड मैजिक जब्त किए गए।

खिलचीपुर। स्कूल बसों और अन्य व्यावसायिक वाहनों में नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने गुरुवार को माचलपुर, खिलचीपुर और जीरापुर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई स्कूल वाहनों के दस्तावेज अधूरे मिले, जबकि कुछ वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाया जा रहा था। परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाने के साथ कुछ वाहनों को जब्त भी किया।

तीन स्कूल बसों में मिली अनियमितताएं 

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी ज्ञानेन्द्र वैश्य ने माचलपुर क्षेत्र में वाहनों की जांच की। रेडिएंट स्कूल माचलपुर की बस क्रमांक MP39P0399 के दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए गए। इस पर 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह मां सरस्वती एकेडमी माचलपुर की बस क्रमांक MP69P0116 और MP41P1033 की जांच में भी दस्तावेज अधूरे मिले। दोनों वाहनों पर कुल 20 हजार रुपए का चालान किया गया।

क्षमता से अधिक बच्चों को ले जा रहे तीन मैजिक जब्त 

खिलचीपुर में परिवहन विभाग की टीम ने तीन मैजिक वाहनों को क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाते हुए पकड़ा। ये वाहन आइडियल कॉन्वेंट स्कूल, आदर्श कॉन्वेंट स्कूल और जीपीएस स्कूल से संबंधित थे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीनों वाहनों को जब्त कर थाना खिलचीपुर में खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों और वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

जीरापुर में दो शोरूम के डिलीवरी रजिस्टर जब्त 

जांच अभियान के दौरान जीरापुर-खिलचीपुर मार्ग स्थित मारुति शोरूम यूनितारा का भी निरीक्षण किया गया। जांच में शोरूम का व्यापार प्रमाण पत्र नवीनीकृत नहीं पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने शोरूम का डिलीवरी रजिस्टर जब्त कर लिया। इसी तरह टाटा कंपनी के शोरूम सेट एंड सन्स का निरीक्षण कर उसका डिलीवरी रजिस्टर भी जब्त किया गया। कार्रवाई का नेतृत्व जिला परिवहन अधिकारी ज्ञानेन्द्र वैश्य और चेकिंग पॉइंट प्रभारी प्राची शर्मा ने किया। परिवहन विभाग ने नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रखने की बात कही।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts