Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भीड़ से परेशान न्यूयॉर्क अब लोगों से लेगा कंजेशन चार्ज

अमेरिका का पहला राज्य होगा, जहां वाहन चालक देंगे टैक्स
Follow on Google News
भीड़ से परेशान न्यूयॉर्क अब लोगों से लेगा कंजेशन चार्ज

न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क कंजेशन चार्ज (एंट्री शुल्क) लागू करने वाला अमेरिका का पहला राज्य बन गया है। इसके तहत, वाहन चालकों को हर दिन 9 डॉलर (770 रुपए) तक का शुल्क चुकाना होगा, जबकि अन्य वाहनों के लिए अलग- अलग दरें तय की गई हैं। कंजेशन जोन में वह क्षेत्र शामिल हैं, जो सेंट्रल पार्क के दक्षिण में स्थित हैं, जिसमें प्रसिद्ध स्थल जैसे- एम्पायर स्टेट बिल्डिंग, टाइम्स स्क्वायर और वॉल स्ट्रीट के आसपास के क्षेत्र भी शामिल हैं। योजना का उद्देश्य यातायात की समस्या को हल करना व सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के लिए अरबों डॉलर जुटाना है।

पिछले साल, न्यूयॉर्क सिटी को दुनिया के सबसे ज्यादा कंजेस्टेड शहरी क्षेत्र के रूप में नामित किया गया था। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मैनहैटन के डाउनटाउन में सुबह के पीक घंटों के दौरान वाहनों की गति केवल 17 किमी/घंटा थी, जो इस क्षेत्र की गंभीर यातायात समस्या को दर्शाता है। बता दें, कंजेशन चार्ज एक ऐसी प्रणाली है, जिसमें ड्राइवरों पर शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पीक ट्रैफिक घंटों के दौरान प्रवेश करने के लिए शुल्क लगाया जाता है।

नई योजना के शुल्क

  • नई योजना के तहत, अधिकांश ड्राइवरों को पीक आवर्स (दोपहर और शाम के समय) के दौरान कंजेशन जोन में प्रवेश करने के लिए 9 डॉलर (770 रुपए) का शुल्क चुकाना होगा
  • अन्य समय में यह शुल्क 2.25 डॉलर (193 रुपए) होगा।
  • छोटे ट्रकों और गैर-आवागमन बसों को पीक टाइम (दोपहर और शाम के समय) में मैनहट्टन में प्रवेश के लिए 14.40 डॉलर (1,234 रुपए) का शुल्क देना होगा।
  • बड़े ट्रकों और पर्यटक बसों को 21.60 डॉलर (1,852 रुपए) का शुल्क चुकाना होगा।

दो साल पहले उठी थी आवाज

न्यूयॉर्क राज्य की गवर्नर कैथी होचुल ने दो साल पहले कंजेशन चार्ज की आवश्यकता पर जोर दिया था, लेकिन कुछ लोगों की शिकायतों के बाद इसे स्थगित कर दिया था। अब इस प्रस्ताव को फिर से लागू किया गया है, जिसे उन्होंने पिछले साल जून में न्यूयॉर्कवासियों के लिए रोक दिया था।

ट्रंप बोले- कुर्सी संभालते ही करूंगा इसे खत्म : कंजेशन चार्ज का विरोध भी शुरू हो गया है, जिसमें टैक्सी ड्राइवरों के संघ भी शामिल हैं। वहीं ट्रंप ने योजना का विरोध करते हुए कहा कि वह जब ऑफिस में लौटेंगे, तो इसे खत्म कर देंगे। इसके लिए स्थानीय रिपब्लिकन पहले ही उनसे हस्तक्षेप की अपील कर चुके हैं। न्यू जर्सी के अधिकारियों ने भी योजना को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन अदालत ने उनकी अपील खारिज कर दी।

ट्रैफिक की समस्या हल होगी

कंजेशन प्राइसिंग से एमटीए को $15 बिलियन की राशि मिलने की उम्मीद है, जिसे न्यूयॉर्क सिटी के पुराने मेट्रो और कंयूटर रेल लाइनों के रखरखाव के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। यह योजना ट्रैफिक की समस्या को हल करने औल लोगों का समय बचाने में मदद करेगी। - जैनो लिबर, सीईओ, मेट्रोपोलिटन ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी (एमटीए)

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts