राजेंद्र नगर ब्रिज पर रफ्तार का कहर, रेलिंग तोड़ 50 फीट नीचे गिरी कार; दो घायल

इंदौर। शहर में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के चलते एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया। राजेंद्र नगर क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार कई बार पलटने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के समय कार में चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और दो युवतियां शामिल थीं।
जानकारी के मुताबिक, कार क्रमांक एमपी 16 जेडजे 7770 रेत मंडी की ओर से राजेंद्र नगर की तरफ जा रही थी। ब्रिज पर पहुंचते ही कार की रफ्तार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। चालक कार को संभाल नहीं सका और वाहन सीधे ब्रिज की साइड में लगी रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और कार करीब 50 फीट नीचे जा गिरी।
पलटने के बाद कार में फंसे दो लोग
ब्रिज से नीचे गिरने के बाद कार पलट गई। हादसे के दौरान उसमें सवार दो युवक-युवती वाहन के अंदर फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में एक युवक और एक युवती घायल हुए हैं, जबकि कार में सवार अन्य दो लोगों को सुरक्षित बताया जा रहा है।
कार में मिली शराब की बोतल
हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार की जांच की। इस दौरान कार के अंदर शराब की बोतल मिलने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था।हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस कार सवारों के बयान लेने के साथ-साथ घटनास्थल की परिस्थितियों और वाहन की स्थिति की भी जांच कर रही है।
रेलिंग टूटने से उठे सुरक्षा पर सवाल
ब्रिज से करीब 50 फीट नीचे कार गिरने की घटना ने सड़क और ब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार वाहन के रेलिंग से टकराते ही उसका टूट जाना हादसे की गंभीरता को और बढ़ाने वाला रहा। गनीमत रही कि दुर्घटना में कार में सवार सभी लोगों की जान बच गई।




















