ग्वालियर में 50 बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग, ड्राइवर को लगी गोली

ग्वालियर जिले के डबरा में शनिवार सुबह बच्चों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग का मामला सामने आया है। कार हटाने को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने बस ड्राइवर पर गोली चला दी। एक गोली ड्राइवर खेम सिंह को लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के समय बस में करीब 50 छात्र सवार थे।
सड़क के बीच खड़ी थी कार
पुलिस के मुताबिक, ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बड़ी अकबई गांव के पास सड़क के बीच एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। ड्राइवर खेम सिंह ने कार सवार युवकों से गाड़ी हटाने को कहा। युवकों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कही। इस पर ड्राइवर ने उन्हें कार को धक्का देकर सड़क से हटाने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
ये भी पढ़ें: बालाजी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में MBBS छात्र की संदिग्ध मौत,दोस्त के कमरे में मिली लाश
ड्राइवर को बस से खींचकर पीटा
आरोप है कि कार सवार युवकों ने खेम सिंह को बस की सीट से नीचे खींच लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने कट्टा निकाला और चार राउंड फायरिंग कर दी। इसमें एक गोली ड्राइवर को लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
ग्वालियर किया गया रेफर
घायल ड्राइवर को पहले डबरा अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, ड्राइवर ने बताया कि कार के सभी शीशों पर काली फिल्म लगी थी और पीछे के शीशे पर 'गुर्जर' लिखा था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।



















