गणेश पंडालों को लेकर नए निर्देश, रात 10 बजे बाद रहेगी सख्ती; जानें क्या बदला

सोहागपुर। आगामी गणेश उत्सव को लेकर स्थानीय पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश प्रतिमा स्थापना, पंडालों की व्यवस्था, समिति सदस्यों की जिम्मेदारियों, डोल ग्यारस पर होने वाले कार्यक्रमों और अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन एवं समिति सदस्यों के बीच चर्चा हुई। बैठक में मौजूद नागरिकों और गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों ने गणेश पंडालों के आसपास साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी और उत्सव के दौरान सुचारू विद्युत प्रदाय की मांग रखी।
रात 10 बजे बाद डीजे नहीं बजाने की अपील
पुलिस प्रशासन की ओर से उप निरीक्षक विवेक यादव ने गणेश उत्सव समितियों से रात्रि 10 बजे के बाद डीजे सहित सभी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देर रात तेज आवाज के कारण पढ़ने वाले विद्यार्थियों और मरीजों को परेशानी होती है। ऐसे में उत्सव के दौरान ध्वनि को लेकर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने गणेश पंडालों में रात्रि के समय कम से कम दो वालंटियर की अनिवार्य रूप से मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पंडालों में ताश के पत्ते खेलने जैसी गतिविधियां नहीं किए जाने की बात भी कही गई।
पंडालों में वालंटियर की जिम्मेदारी
बैठक के दौरान गणेश उत्सव समितियों को पंडालों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया। रात के समय कम से कम दो वालंटियर की मौजूदगी सुनिश्चित करने से पंडालों की निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सकेगी। वहीं, नागरिकों और समिति सदस्यों ने प्रशासन के सामने उत्सव के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपनी मांगें रखीं। इनमें पंडालों के आसपास सफाई, भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल और लगातार बिजली आपूर्ति प्रमुख रूप से शामिल रही।
अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेकर ही करें उपयोग
विद्युत विभाग के जेई विजय धुर्वे ने गणेश उत्सव समितियों से अस्थाई विद्युत कनेक्शन की रसीद कटवाकर ही बिजली का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अस्थाई कनेक्शन लेने से विभाग के पास उसका रिकॉर्ड रहता है और उत्सव के दौरान विद्युत व्यवस्था बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सकती है। बैठक में गणेश उत्सव के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और समितियों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।



















