सीएम के परिचित का मोबाइल लूटना पड़ा भारी, 10 थानों की पुलिस ने आरोपी को दबोचा; मोबाइल बरामद

इंदौर। पलासिया इलाके में उज्जैन निवासी अनमोल वर्मा का मोबाइल झपटकर फरार हुए बदमाश को इंदौर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि अनमोल वर्मा मुख्यमंत्री के परिचित हैं। मामले में शुरुआत में पुलिस की कथित सुस्ती के बाद मुख्यमंत्री निवास से फोन पहुंचा तो पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई और आरोपी की तलाश में चार थानों की पुलिस को लगाया गया।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले पलासिया क्षेत्र में अनमोल वर्मा का मोबाइल एक बदमाश झपटकर फरार हो गया था। घटना के बाद उन्होंने पलासिया थाने में शिकायत की, लेकिन आरोप है कि शुरुआत में उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचा। वहां से पुलिस अधिकारियों को फोन आने के बाद मोबाइल लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की गई।
संबंधित खबर: CM हाउस से फोन आते ही दौड़ी 10 पुलिस वालों की टीम !लूट का मामला दबा थाने में, ऊपर खबर पहुंची तो फिर दौड़ी पुलिस
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को खजराना क्षेत्र के सम्राट नगर निवासी मोहम्मद अयाज उर्फ कालिया पर संदेह हुआ।पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार उसे बंगली चौराहा सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से अनमोल वर्मा से लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया है।
ये भी पढ़ें: राजेंद्र नगर ब्रिज पर रफ्तार का कहर, रेलिंग तोड़ 50 फीट नीचे गिरी कार; दो घायल
जिलाबदर रह चुका है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि अयाज उर्फ कालिया पूर्व में जिलाबदर रह चुका है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड के साथ ही यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह मोबाइल लूट समेत अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान शहर में हुई अन्य लूट और झपटमारी की घटनाओं से जुड़े सुराग भी मिल सकते हैं।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, 24 घंटे में झमाझम बारिश का अलर्ट,रायपुर-बिलासपुर समेत कई जिले प्रभावित
शिकायत के बाद चार थानों की पुलिस जुटी तलाश में
मामले में मुख्यमंत्री निवास से फोन आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए चार थानों की पुलिस को सक्रिय किया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।



















