‘द केरला स्टोरी 2’ पर चली कैंची!क्या दर्शकों तक पहुंचेगी पूरी सच्चाई या 16 कट के बाद बदलेगी कहानी?

विवादों और चर्चाओं के बीच फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ इस शुक्रवार, 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर के बाद से ही फिल्म को लेकर बहस तेज है। ऐसे में जब Central Board of Film Certification (CBFC) ने इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया, तो इंडस्ट्री के लिए यह थोड़ा चौंकाने वाला फैसला रहा। हालांकि, सर्टिफिकेट मिलने से पहले बोर्ड ने फिल्म में कुल 16 बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। आइए जानते हैं क्या-क्या बदला गया।
किन-किन सीन पर चली सेंसर की कैंची?
ये भी पढ़ें: The Kerala Story 2 : गोज बियॉन्ड’ का टीजर रिलीज, 27 फरवरी 2026 को आएगी फिल्म
CBFC ने फिल्म के कुछ संवेदनशील दृश्यों और डायलॉग्स पर आपत्ति जताई और उन्हें संशोधित करने को कहा।
1. किसिंग सीन छोटा किया गया- फिल्म में मौजूद लिप-लॉक सीन को 50% कम कर दिया गया है। करीब 7 सेकंड का हिस्सा हटाया गया।
2. रेप सीन के विजुअल कम किए गए- रेप सीन के दृश्य भी आधे कर दिए गए। लगभग 20 सेकंड कम किए गए ताकि दृश्य कम ग्राफिक लगे।
3. हिंसा वाले सीन में कट- एक सीन में महिला को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया था और दूसरे सीन में उसके सिर पर चोट लगती है। दोनों दृश्यों को 2-2 सेकंड छोटा किया गया।
4. बुलडोजर वाले दृश्य में बदलाव- आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने वाले सीन को संशोधित करने के निर्देश दिए गए। बोर्ड ने इसे बदलने को कहा, हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि किस तरह का बदलाव किया गया।
5. डायलॉग्स में बदलाव- तीन जगहों पर डायलॉग बदलने को कहा गया और एक शब्द को म्यूट किया गया।
डिस्क्लेमर और डॉक्यूमेंट्स की शर्त
CBFC ने सिर्फ सीन ही नहीं, बल्कि कुछ औपचारिक शर्तें भी रखीं।
- मेकर्स को फिल्म की शुरुआत में यह साफ लिखना होगा कि कहानी सच्ची घटनाओं पर आधारित है।
- स्क्रीन पर दिखने वाले डिस्क्लेमर का समय 2 मिनट 3 सेकंड बढ़ाया गया है। इसके साथ वॉइस ओवर भी जोड़ा गया है।
- फिल्म में दिखाई गई सच्ची घटनाओं के समर्थन में सही दस्तावेज जमा करने को कहा गया है।
- स्क्रिप्ट के मुताबिक पूरे डायलॉग्स की कॉपी भी बोर्ड को देनी होगी।
- एक छोटे कलाकार की कास्टिंग को लेकर सहमति पत्र भी जमा कराया गया है।
- इन सभी शर्तों को पूरा करने के बाद 16 फरवरी को फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट दे दिया गया।
कितना है फिल्म का रन टाइम?
सर्टिफिकेट के अनुसार फिल्म की कुल लंबाई 131 मिनट 24 सेकंड है। यानी यह फिल्म 2 घंटे 11 मिनट 24 सेकंड की है। इतनी लंबी अवधि में फिल्म की कहानी किस दिशा में जाती है, यह देखने वाली बात होगी।
किसने बनाई है फिल्म?
‘द केरला स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ को विपुल शाह ने प्रोड्यूस किया है। निर्देशन की कमान कामख्या नारायण सिंह ने संभाली है। वहीं अल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओजा फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी।
कब होगी रिलीज फिल्म?
यह फिल्म 27 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले पार्ट की तरह इस बार भी फिल्म का विषय गंभीर और संवेदनशील बताया जा रहा है। अब देखना होगा कि सेंसर की कैंची के बाद दर्शकों को फिल्म कितनी प्रभावित करती है और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन कैसा रहता है। फिलहाल, रिलीज से पहले ही फिल्म चर्चा के केंद्र में है और अब सबकी नजरें 27 फरवरी पर टिकी हैं।











