Team India Announced :टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा, राहुल बने वाइस कैप्टन

स्पोर्ट्स डेस्क। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। मंगलवार को गुवाहाटी में हुई चयन समिति की बैठक के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीमों की घोषणा की। इस बार चयन में कई बड़े फैसले देखने को मिले, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा उप-कप्तानी में बदलाव और कुछ सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी को लेकर हो रही है।
ऋषभ पंत से छीनी गई उप-कप्तानी
टेस्ट टीम में सबसे बड़ा बदलाव ऋषभ पंत को लेकर हुआ है। पिछले साल उन्हें टेस्ट टीम का उप-कप्तान बनाया गया था, लेकिन अब यह जिम्मेदारी उनसे वापस ले ली गई है। उनकी जगह अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि आईपीएल में कप्तानी के दबाव और उसके उनकी बल्लेबाजी पर पड़ रहे असर को देखते हुए चयनकर्ताओं ने यह फैसला लिया। हालांकि पंत अब भी टेस्ट टीम में पहले पसंद के विकेटकीपर बने हुए हैं।
ये भी पढ़ें: पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या... अपहरण के 6 दिन बाद नहर में मिला शव, सिरफिरे कनाडाई आशिक पर शक
वनडे टीम से भी बाहर हुए पंत
खराब फॉर्म के कारण ऋषभ पंत को टी20 के बाद वनडे टीम से भी बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह ईशान किशन की वापसी हुई है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया था। ईशान करीब ढाई साल बाद वनडे टीम में लौटे हैं। उनका आखिरी वनडे मैच 2023 विश्व कप में था। वहीं संजू सैमसन की वापसी की उम्मीदों को झटका लगा है। टेस्ट टीम में पंत के बैकअप के तौर पर ध्रुव जुरेल को शामिल किया गया है।
बुमराह और जडेजा को मिला आराम
स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पूरी सीरीज से आराम दिया गया है। इसके अलावा अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी टेस्ट और वनडे दोनों टीमों का हिस्सा नहीं हैं। वहीं वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या के खेलने को लेकर अब भी संशय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: क्या भाईजान टूट गए? सलमान खान की वायरल पोस्ट ने उड़ाए होश, मां बोलीं- 'बेटा क्या हुआ'?
टेस्ट टीम में युवा खिलाड़ियों को मौका
टेस्ट टीम की कप्तानी शुभमन गिल को सौंपी गई है। टीम में यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और नितीश कुमार रेड्डी जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव प्रमुख चेहरे होंगे। इसके अलावा गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे जैसे नए खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी गई है।
वनडे टीम में अनुभव और युवाओं का मिश्रण
वनडे टीम में शुभमन गिल कप्तान होंगे, जबकि श्रेयस अय्यर को उप-कप्तानी दी गई है। टीम में विराट कोहली, केएल राहुल और हार्दिक पंड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका देकर भविष्य की तैयारी की झलक दिखाई गई है।












