PlayBreaking News

पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या...अपहरण के 6 दिन बाद नहर में मिला शव, सिरफिरे कनाडाई आशिक पर शक

पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या कर दी गई है। मंगलवार को उनका शव नीलो नहर में मिला। इंदर कौर का 6 दिन पहले गन पॉइंट पर अपहरण कर लिया गया था। पुलिस को संदेह है कि शादी से इनकार करने पर इंदर के कनाडाई आशिक ने वारदात को अंजाम दिया।
Follow on Google News
अपहरण के 6 दिन बाद नहर में मिला शव, सिरफिरे कनाडाई आशिक पर शक

एंटरटेनमेंट डेस्क। पंजाब के लुधियाना में मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की हत्या कर दी गई है। छह दिन पहले उनका गन प्वाइंट पर अपहरण किया गया था, जिसके बाद से परिवार और पुलिस उनकी तलाश में जुटे थे। अब उनका शव नीलो नहर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना ने म्यूजिक इंडस्ट्री और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

परिवार में पसरा मातम 

पुलिस ने नीलो नहर से एक महिला का शव बरामद किया, जिसकी पहचान बाद में इंदर कौर के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस जघन्य हत्या को लेकर हैरानी जता रहे हैं।

ये भी पढ़ें: क्या भाईजान टूट गए? सलमान खान की वायरल पोस्ट ने उड़ाए होश, मां बोलीं- 'बेटा क्या हुआ'?

राशन लेने निकलीं, फिर घर नहीं लौटीं 

मृतका के भाई जोतइंदर सिंह के अनुसार, 13 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार से बाजार राशन लेने के लिए निकली थीं। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिवार को चिंता हुई। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और अपहरण की आशंका जताई गई।

जबरन शादी का दबाव बना हत्या की वजह 

परिवार ने मोगा जिले के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी लंबे समय से इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। इंदर कौर ने शादी से साफ इनकार कर दिया था, जिससे आरोपी नाराज था। परिजनों के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

Breaking News

कनाडा से पंजाब आकर किया अपहरण 

परिवार का आरोप है कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह खास तौर पर कनाडा से पंजाब आया था। उसने अपने साथियों के साथ रास्ते में इंदर कौर को रोका और पिस्तौल की नोक पर अगवा कर लिया। इसके बाद हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोबारा कनाडा फरार हो गया। इस खुलासे के बाद पुलिस पर भी दबाव बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें: भारत पर क्यों भरोसा करें? नॉर्वे में भारतीय विदेश सचिव और पत्रकार के बीच बहस, MEA बोला- जवाब कैसे देना है ये आप न सिखाएं...

पुलिस पर उठे सवाल

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 15 मई को ही सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई थी, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई। वहीं थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इंदर की आखिरी पोस्ट

इंदर की मौत से परिवार और फैन्स सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर इंदर की आखिरी पोस्ट की चर्चा हो रही है। 13 मई को सिंगर ने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो पोस्ट की थी। ब्राउन शर्ट, ग्लोइंग मेकअप में वो टशन दिखा रही हैं। तस्वीर शेयर कर उन्होंने हार्ट इमोजी बनाई थी। फैंस ने इंदर की इस पोस्ट पर कमेंट लिखकर उनकी आत्मा को शांति मिलने की दुआ की है। कई प्रशंसकों को इंदर कौर की मौत पर यकीन भी नहीं हो रहा है। इंदर की आखिरी पोस्ट देखकर लोगों की आंखें नम हो रही हैं।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts