विजय की जीत के दिन 'लेडी लक' की एंट्री; बर्थडे पर घर पहुंची, रिश्ते की चर्चा फिर तेज

तमिलनाडु की सियासत में इस वक्त जितनी चर्चा चुनाव नतीजों की है, उतनी ही चर्चा एक खास मुलाकात की भी हो रही है। एक तरफ थलपति विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्ट्री कजगम'की शानदार बढ़त ने सबको चौंकाया है, तो दूसरी तरफ एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का उनके घर पहुंचना सुर्खियों में आ गया है। दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन चुनाव के नतीजे आ रहे हैं, उसी दिन तृषा अपना 43वां जन्मदिन मना रही हैं। ऐसे में सोशल मीडिया से लेकर साउथ इंडस्ट्री तक, हर जगह 'लेडी लक' की चर्चा तेज हो गई है।
चुनाव नतीजों के बीच तृषा की खास मौजूदगी
सुबह-सुबह तृषा कृष्णन तिरुमला मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए। इसके बाद जैसे-जैसे चुनाव के रुझान सामने आने लगे और विजय की पार्टी मजबूत स्थिति में नजर आई, दोपहर होते-होते तृषा सीधे विजय के घर पहुंच गईं। यह तस्वीरें और खबरें सामने आते ही चर्चा और तेज हो गई। लोग इसे सिर्फ एक दोस्ताना मुलाकात नहीं, बल्कि विजय की जीत से जोड़कर देख रहे हैं। कई फैंस इसे 'लेडी लक' का नाम दे रहे हैं, यानी तृषा की मौजूदगी विजय के लिए शुभ साबित हो रही है।
फिल्मों से लेकर चर्चाओं तक
थलपति विजय और तृषा कृष्णन की जोड़ी साउथ इंडस्ट्री की सबसे चर्चित जोड़ियों में रही है। दोनों ने करीब पांच फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें 'घिली' और 2023 में रिलीज सुपरहिट फिल्म 'लियो' शामिल है। इन फिल्मों ने दोनों को न सिर्फ स्टारडम दिया, बल्कि उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री भी दर्शकों को खूब पसंद आई। इसी के साथ दोनों के रिश्ते को लेकर भी समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि दोनों ने कभी खुलकर इन बातों की पुष्टि नहीं की, लेकिन हर बार साथ दिखने पर अटकलें जरूर तेज हो जाती हैं।
विजय की निजी जिंदगी और तलाक की चर्चा
विजय की निजी जिंदगी भी पिछले कुछ समय से चर्चा में रही है। उनकी पत्नी संगीता सोर्नालिंगम के साथ उनके रिश्ते में दरार की खबरें सामने आई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगीता ने तलाक की अर्जी में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोप लगाए थे, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। विजय और संगीता की शादी 1999 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। हाल ही में तलाक की खबरों के बाद विजय की तृषा के साथ कुछ पब्लिक अपीयरेंस ने इन अटकलों को और हवा दे दी। हालांकि इस पूरे मामले में किसी भी पक्ष ने आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं कहा है।
अफवाहों के बीच बॉडीगार्ड का पोस्ट
इसी बीच विजय के एक बॉडीगार्ड का सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आया, जिसमें लिखा गया था- "अब अफवाहों को साफ करने का समय आ चुका है।" इस पोस्ट के बाद लोगों ने और ज्यादा कयास लगाने शुरू कर दिए कि शायद विजय और तृषा अपने रिश्ते को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। हालांकि अब तक इस तरह की किसी भी खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। साउथ मीडिया में यह दावा जरूर किया जा रहा है कि चुनाव नतीजों के बाद दोनों शादी का ऐलान कर सकते हैं, लेकिन इसे लेकर अभी कुछ भी तय नहीं माना जा सकता।
मॉडलिंग से 'क्वीन ऑफ साउथ' तक
तृषा कृष्णन का जन्म 4 मई 1983 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और मिस चेन्नई का खिताब जीतकर पहचान बनाई। इसके बाद फिल्मों में कदम रखा और धीरे-धीरे साउथ इंडस्ट्री की सबसे बड़ी एक्ट्रेसेस में शामिल हो गईं। उनकी फिल्म 'घिली' ने उन्हें जबरदस्त पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने लगातार हिट फिल्में दीं और आज भी वह इंडस्ट्री की हाईएस्ट पेड एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हैं। 25 साल के करियर में उन्होंने करीब 70 फिल्मों में काम किया है और कई बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए हैं।
निजी फैसलों में भी दिखी मजबूती
तृषा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी हमेशा खुलकर बात करती रही हैं। 2015 में उनकी सगाई बिजनेसमैन वरुण मनियन से हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद यह रिश्ता टूट गया। इस पर तृषा ने साफ कहा था कि वह अपने करियर से समझौता नहीं करेंगी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि मैं सिर्फ तब ही फिल्मों से ब्रेक लूंगी, जब मैं प्रेग्नेंट रहूं। मैं आखिरी सांस तक एक्टिंग करना चाहती हूं।
ये भी पढ़ें: BENGAL ELECTIONS 2026: जनता ने कर दिया साफ इशारा’, BJP की बढ़त पर सीएम मोहन यादव का बड़ा बयान
विवादों पर भी दिया करारा जवाब
हाल ही में डायरेक्टर आर. पार्थिबन के एक बयान पर भी तृषा ने कड़ा रिएक्शन दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि माइक पर बोलने से कोई बात समझदारी नहीं बनती, बेवकूफी ही रहती है। ऐसी बातें कहने वाले के बारे में ज्यादा बताती हैं। उनका यह जवाब काफी वायरल हुआ और फैंस ने उनका समर्थन भी किया।
राजनीति और ग्लैमर का संगम
तमिलनाडु की राजनीति में सिनेमा का असर हमेशा से रहा है। ऐसे में विजय की जीत और तृषा की मौजूदगी को एक साथ देखकर लोग इसे नए दौर की कहानी मान रहे हैं। एक तरफ विजय राजनीति में मजबूत पकड़ बना रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ एक संयोग है या आने वाले समय में कोई बड़ा ऐलान देखने को मिलेगा। लेकिन इतना जरूर है कि तृषा के जन्मदिन और विजय की जीत ने इस कहानी को और दिलचस्प बना दिया है।












