इंडिगो के बेड़े में 2027 तक होंगे 14 ए321 एक्सएलआर विमान, 2030 तक 600 विमान शामिल करने का लक्ष्य

इंडिगो के पास इस श्रेणी के चार विमान हैं और इस साल के अंत तक एक और विमान शामिल होगा। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक अपने बेड़े को बढ़ाकर 600 विमानों का करना है।
दिसंबर 2027 तक बेड़े में होंगे 14 ए321 एक्सएलआर विमान
इंडिगो के सीईओ विली वॉल्श ने बताया कि दिसंबर 2027 के अंत तक कंपनी के बेड़े में कुल 14 ए321 एक्सएलआर विमान होंगे। फिलहाल एयरलाइन के पास ऐसे चार विमान हैं और इस साल के अंत तक एक और विमान शामिल किया जाएगा। इन विमानों की अधिक दूरी तक उड़ान भरने की क्षमता से कंपनी को विदेशों में नए गंतव्य जोड़ने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: NOTAM के चलते इंडिगो की फ्लाइट 6E-5025 और 6E-915 लखनऊ डायवर्ट, 448 यात्री प्रभावित
कम दूरी की उड़ानों पर रहेगा कंपनी का फोकस
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एविएशन इंडिया एंड साउथ एशिया 202 कार्यक्रम में विली वॉल्श ने कहा कि इंडिगो का ध्यान कम दूरी की उड़ानों पर ही बना रहेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी का मौजूदा लागत आधार बेहद कुशल है। नए विमानों को शामिल करने के साथ इस व्यवस्था को बनाए रखना भी कंपनी की प्राथमिकता है।
2028 की दूसरी तिमाही से मिलेंगे ए350-900 विमान
इंडिगो ने पट्टे पर लिए गए बोइंग 787 चौड़े आकार वाले विमानों का परिचालन बंद कर दिया है। अब कंपनी को 2028 की दूसरी तिमाही से ए350-900 विमान मिलने शुरू होने की उम्मीद है। वॉल्श ने कहा कि इन विमानों के साथ परिचालन शुरू करने से पहले काफी तैयारियां करनी बाकी हैं।
क्या बोले इंडिगो के सीईओ विली वॉल्श?
विली वॉल्श ने कहा कि ए350 विमानों को बेड़े में शामिल करने के उत्साह में कंपनी का ध्यान कम दूरी की उड़ानों से नहीं हटना चाहिए। संकरे विमानों के परिचालन पर जरूरी काम जारी रखना होगा, क्योंकि मौजूदा व्यवस्था बेहद कुशल है। कंपनी नए विमानों के साथ विस्तार करते हुए अपनी परिचालन क्षमता को भी बनाए रखना चाहती है।
एयरपोर्ट के साथ प्रभावी साझेदारी जरूरी
वॉल्श ने कहा कि विमानन कंपनियों और हवाई अड्डों के बीच प्रभावी साझेदारी होनी चाहिए। एयरपोर्ट को अपने निवेश पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करना चाहिए। हवाई अड्डों के ऊंचे शुल्क और करों की आलोचना करते रहे वॉल्श ने यह बात कही। वहीं, इंडिगो को उम्मीद है कि 2030 तक उसके बेड़े में 600 विमान होंगे, जबकि फिलहाल कंपनी के पास 440 से अधिक विमान हैं।




















