Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तमिलनाडु भीषण सड़क हादसा :कडलूर में रोडवेज बस का टायर फटा, 2 कारों को कुचला; 9 की मौत

तमिलनाडु के कडलूर जिले में तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही रोडवेज बस का स्टेट हाईवे पर टायर फट गया। बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंची और दो कारों से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
कडलूर में रोडवेज बस का टायर फटा, 2 कारों को कुचला; 9 की मौत
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    कडलूर। तमिलनाडु के कडलूर जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही सरकारी रोडवेज बस का स्टेट हाईवे पर अचानक टायर फट गया और बस अनियंत्रित हो गई।

    डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में घुसी बस

    पुलिस के अनुसार, टायर फटने के बाद बस चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस डिवाइडर पर चढ़ते हुए विपरीत दिशा की लेन में चली गई और सामने से आ रही दो कारों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, दोनों कारें बस के नीचे फंस गईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

    कार सवारों की मौके पर मौत

    हादसे में दोनों कारों में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 5 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। अचानक हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

    Twitter Post

    दो बच्चों समेत 4 घायल

    इस दुर्घटना में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को तुरंत तित्ताकुडी और पेरंबलूर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।

    हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम

    घटना की सूचना मिलते ही तित्ताकुडी और रामनाथम पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस और कारों के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के चलते चेन्नई-तिरुचि नेशनल हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

    यह भी पढ़ें: कर्नाटक बस हादसा : स्लीपर बस में लगी भीषण आग, जिंदा जले 10 से अधिक यात्री

    मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जताया शोक

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 3-3 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

    सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

    इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सरकारी व निजी वाहनों की तकनीकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि, समय पर टायर और वाहनों की जांच न होने से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा में बड़ा बदलाव, अब रात में नहीं निकलेंगे महाराज

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

    Latest Posts