Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

स्वामी विवेकानंद जयंती पर सामूहिक सूर्य नमस्कार : CM ने सुभाष स्कूल में बच्चों के साथ किया योग, युवा शक्ति मिशन लॉन्च

Follow on Google News
स्वामी विवेकानंद जयंती पर सामूहिक सूर्य नमस्कार : CM ने सुभाष स्कूल में बच्चों के साथ किया योग, युवा शक्ति मिशन लॉन्च
भोपाल। स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रविवार यानी 12 जनवरी को प्रदेश के सभी स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट स्कूल में बच्चों के साथ योग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर और बौद्धिक बल ही युवाओं की असली पूंजी है।

भारत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा

स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘युवा दिवस' के अवसर पर सुभाष उत्कृष्ट स्कूल में आयोजित ‘सामूहिक सूर्य नमस्कार' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने कहा भारत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है और सरकार हर वर्ष सूर्य नमस्कार का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ शरीर और बौद्धिक बल के साथ ही अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। देखें वीडियो...

प्रदेश में 'युवा शक्ति मिशन' लॉन्च

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, आज हम मध्य प्रदेश में 'युवा शक्ति मिशन' लॉन्च कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को शिक्षित और स्वरोजगार योग्य बनाना है। उन्होंने कहा कि 2028 तक प्रदेश के 70% से अधिक युवा स्वरोजगार प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को शत-प्रतिशत उत्तीर्ण बनाने के लिए संकल्प लेने की बात कही। मुख्यमंत्री ने "लाड़ली बहना योजना" के तहत राशि वितरण की भी घोषणा की।

राष्ट्रभक्ति और युवाशक्ति को सर्वोपरि माना : सीएम

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कहा, "स्वामी विवेकानंद ने राष्ट्रभक्ति और युवाशक्ति को सर्वोपरि माना। उन्होंने 'उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए' का संदेश दिया।" उन्होंने युवाओं को स्वस्थ शरीर और बौद्धिक बल को अपनी पूंजी मानने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जिस गति से भारत देश आगे बढ़ रहा है, निश्चित ही 21वीं सदी भारत की होगी।

ऊर्जा हमारे सपनों को पंख देती है : सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा, हमारे शरीर में परमात्मा ने असीम ऊर्जा का भंडार दिया है, जिसका उपयोग हम अपने संकल्पों को पूरा करने में कर सकते हैं। यह ऊर्जा हमारे सपनों को पंख देती है और हमें हमारे लक्ष्य तक पहुंचाती है। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को सनातन संस्कृति और भारतीय दर्शन का प्रतीक बताया। उन्होंने युवाओं को विवेकानंद के संदेशों का पालन करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts