Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल:अवैध कफ सिरप फैक्ट्री पर STF का छापा, डेढ़ करोड़ का माल जब्त; 10 लोग हिरासत में

भोपाल में STF ने अवैध कफ सिरप फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा, जहां डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक का माल जब्त किया गया। इस मामले में 10 लोग हिरासत में लिए गए हैं।
अवैध कफ सिरप फैक्ट्री पर STF का छापा, डेढ़ करोड़ का माल जब्त; 10 लोग हिरासत में

भोपाल के गांधी नगर क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध नशीले कफ सिरप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान 700 से अधिक पेटियां, बड़ी मात्रा में कफ सिरप और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें जब्त की गई हैं। जब्त सामग्री और उपकरणों की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

आधी रात से सुबह तक चली कार्रवाई

एसटीएफ की यह कार्रवाई गुरुवार रात करीब 12 बजे शुरू हुई और शुक्रवार सुबह 3 बजे तक जारी रही। टीम ने डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापा मारकर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

ऑफ कफ नाम से तैयार किया जा रहा था सिरप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान के अंदर ‘ऑफ कफ’ नाम से अवैध कफ सिरप तैयार किया जा रहा था। मकान के अलग-अलग कमरों में बड़ी संख्या में कफ सिरप की बोतलें, पैकिंग सामग्री और तैयार माल के कार्टन रखे हुए मिले। एसटीएफ ने मौके से बरामद कफ सिरप के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनमें कौन-कौन से तत्व इस्तेमाल किए गए थे।

लंबे समय से मिल रही थी शिकायतें

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार गांधी नगर इलाके से अवैध रूप से नशीले कफ सिरप की सप्लाई किए जाने की सूचना लंबे समय से मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय रखी गई थी और स्थानीय पुलिस को भी पहले से इसकी जानकारी नहीं दी गई थी।

Featured News

मकान मालिक की भूमिका भी जांच के दायरे में

जिस मकान में यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी, वह एक मालवीय नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक एसटीएफ का मकान मालिक से संपर्क नहीं हो पाया था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि मकान मालिक को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं।

ये भी पढ़ें: MP School Education : चार लाख शिक्षकों के लिए खुशखबरी, पंद्रह दिन बढ़ेगी गर्मी की छुट्‌टी

सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी STF

एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध कफ सिरप का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है और इसकी सप्लाई भोपाल समेत किन-किन जिलों या राज्यों में की जा रही थी। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: NIA की देशभर में बड़ी कार्रवाई : यूपी-राजस्थान समेत 12 जगह छापेमारी, ड्रोन से हथियार भेजने वाले आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा

नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

अधिकारियों का मानना है कि यह हाल के समय में भोपाल में नशीले कफ सिरप के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। जांच पूरी होने के बाद मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts