Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोहागपुर में ‘स्वच्छता की पाठशाला’, छात्राओं को कचरा प्रबंधन और 3R का पाठ पढ़ाया

सोहागपुर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता की पाठशाला आयोजित हुई। छात्राओं को कचरा पृथक्करण, 3आर और पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी गई।
सोहागपुर में स्वच्छता की पाठशाला

सोहागपुर। शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से शुरू हुए ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोहागपुर में ‘स्वच्छता की पाठशाला’ आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत कचरे को चार अलग-अलग प्रकारों में बांटकर रखने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही रोजमर्रा की जिंदगी में पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने और 3आर मंत्र- कम करें, दोबारा उपयोग करें और पुनर्चक्रण करें के महत्व को समझाया गया। छात्राओं को बताया गया कि घर और आसपास इन आदतों को अपनाने से कचरे की मात्रा कम की जा सकती है। साथ ही उपयोगी वस्तुओं को दोबारा इस्तेमाल में लाकर प्राकृतिक संसाधनों की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।

पुरानी उपयोगी चीजें फेंकने के बजाय 3आर केंद्र में करें दान

कार्यक्रम में नगर परिषद की ओर से संचालित 3आर केंद्र के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी गई। बताया गया कि घर में ऐसी किताबें, खिलौने, कपड़े, जूते, गैजेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जो अब उपयोग में नहीं हैं लेकिन अच्छी स्थिति में हैं, उन्हें फेंकने के बजाय मंगल भवन परिसर स्थित नगर परिषद के 3आर केंद्र में दान किया जा सकता है। इन वस्तुओं का जरूरतमंद लोग दोबारा इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे उपयोगी सामान को नया उपयोग मिलेगा, संसाधनों की बचत होगी और कचरे की मात्रा कम करने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें: बाड़ी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 नग सागौन लकड़ी जब्त; आरोपी फरार

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर क्षेत्र में प्रतिदिन जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026, कचरे के सही तरीके से पृथक्करण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुनीता गढ़वाल, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कंपनी की आईसी प्रतिनिधि धनेश्वरी परसाई और राहुल दोहरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

Latest Posts