सांभर का मांस पकाते पकड़े गए 4 आरोपी, सोहागपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

सोहागपुर वन परिक्षेत्र सामान्य के नया विस्थापित रोरीघाट में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग सोहागपुर और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने सांभर के मांस के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से सांभर का कच्चा और पका हुआ मांस बरामद हुआ। इसके अलावा मांस काटने में इस्तेमाल किए जा रहे बर्तन, कुल्हाड़ी, बोरी और छुरी भी जब्त की गई।
खाना पकाते मिले चार आरोपी
मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने रोरीघाट में जांच की। इस दौरान चार आरोपी सांभर का मांस पकाते हुए मिले। आरोपियों की पहचान सियाराम पिता शिवलाल, सुखलाल पिता कुंजीलाल, नेपाल पिता करन सिंह और तलुन उर्फ रामदयाल पिता मोहरलाल के रूप में हुई है। सभी आरोपी विस्थापित ग्राम रोरीघाट के निवासी बताए गए हैं।
तवा नहर किनारे मिला था सांभर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तवा नहर के किनारे जंगल में एक सांभर मृत अवस्था में पड़ा था। आरोपियों ने दावा किया कि सांभर को किसी जंगली जानवर ने मारा था। उनके मुताबिक, वे वहां से कुल्हाड़ी की मदद से सांभर का मांस काटकर लाए और आपस में बांट लिया। इसके बाद मांस को पकाया जा रहा था।
जंगल से सांभर के अवशेष बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर वन विभाग की टीम ने परिक्षेत्र इटारसी की बीट सोनतलाई में नहर किनारे तलाशी ली। यहां से सांभर का सिर, हड्डियां, खाल और अन्य अवशेष क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की गहन जांच कराई गई।
डॉग स्क्वायड ने भी की जांच
घटना की जांच के लिए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जांच की। जांच के बाद वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50 और 51 सहित BNSS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
चारों आरोपी जेल भेजे गए
वन विभाग ने कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, सोहागपुर के सामने पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक नर्मदापुरम सामान्य अशोक कुमार के निर्देशन और वनमंडल अधिकारी नर्मदापुरम सामान्य गौरव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व उपवन मंडलाधिकारी सोहागपुर अनिल विश्वकर्मा और परिक्षेत्र अधिकारी सोहागपुर हेमंत शर्मा ने किया।




















