सोहागपुर: रेलवे स्टेशन निरीक्षण में सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने दिए दिशा-निर्देश

सोहागपुर। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने आज सोमवार देर शाम सोहागपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों से स्टेशन अधीक्षक के कक्ष में चर्चा कर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं तथा स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। प्लेटफार्म क्रमांक-2 की ऊंचाई बढ़ाने के कार्य की स्थिति के संबंध में रेलवे अधिकारी ने बताया कि कार्य का टेंडर सोहागपुर क्षेत्र के ही एक व्यक्ति को मिला है तथा आगामी 2 से 3 सप्ताह में कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। अधिकारियों ने रेलवे फुट ओवरब्रिज के कार्य के स्वीकृत होने की जानकारी भी सांसद को दी।
कोच गाइडेंस बोर्ड हर हाल में लगवाने के निर्देश
रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर कोच गाइडेंस बोर्ड लगाए जाने के संबंध में सांसद चौधरी ने जबलपुर के संबंधित विभागीय अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोहागपुर स्टेशन पर इसकी आवश्यकता है और यह कार्य हर हाल में स्वीकृत किया जाना चाहिए। सांसद ने अपने लेटरहेड पर पत्र भेजने की बात कहते हुए संबंधित प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
ब्रिज के नीचे से पक्के रास्ते के लिए सकारात्मक रिपोर्ट भेजें
नगर के एक हिस्से को इंदिरा वार्ड से जोड़ने के लिए आम जनता द्वारा रेलवे ब्रिज के नीचे से पक्की सीमेंट सड़क अथवा छोटे सेतु के निर्माण की मांग रखी गई। इस पर सांसद ने रेलवे अधिकारियों को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष सकारात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए वे स्वयं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करेंगे। साथ ही उन्होंने अपने ओएसडी को भी तत्काल पत्र भेजने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म पर पर्याप्त सफाई व्यवस्था नहीं होने पर सांसद ने रेलवे अधिकारियों को नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरपीएफ एवं जीआरपी अधिकारियों से सोहागपुर में स्थायी रूप से सुरक्षा बल तैनात करने तथा शराबियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। सांसद ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा नशेड़ी अथवा शराबी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने पर अनावश्यक रूप से जनप्रतिनिधियों को फोन न किया जाए।
ये भी पढ़ें: बानापुरा स्टेशन पर रेल ठहराव की मांग तेज, सांसद दर्शन सिंह चौधरी को ज्ञापन; 2 अक्टूबर से आंदोलन की तैयारी
इटारसी-जबलपुर ट्रेन शीघ्र शुरू कराने की मांग
इस दौरान मौजूद नागरिकों ने रेलवे प्रशासन द्वारा घोषित इटारसी-जबलपुर ट्रेन सुविधा को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग सांसद के समक्ष रखी। सांसद ने कहा कि यह ट्रेन सुविधा भी शीघ्र शुरू होगी। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, समाजसेवी कन्नूलाल अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्विनी सरोज सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: शाहगंज में बाघ का आतंक: हाईवे पर टहलता दिखा टाइगर, वीडियो वायरल; गांवों में मुनादी, जंगल जाने पर रोक
रेलवे परिसर से अन्यत्र संचालित हो राम रहीम रोटी बैंक का सेवा कार्य
निरीक्षण के दौरान आरपीएफ चौकी प्रभारी बब्बन लाल ने सांसद दर्शन सिंह चौधरी से राम रहीम रोटी बैंक के सेवा कार्य को रेलवे स्टेशन परिसर से अन्यत्र संचालित कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि रोटी बैंक द्वारा प्रतिदिन रात्रि में निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया जाता है। बारिश के दौरान प्लेटफार्म पर भी भोजन वितरण होने के कारण वहां गंदगी फैलने की स्थिति बनती है। साथ ही भोजन करने वाले कुछ लोगों द्वारा रेलवे स्टेशन को अस्थायी ठिकाने के रूप में उपयोग किए जाने की बात भी उन्होंने सांसद के समक्ष रखी। चौकी प्रभारी ने रेलवे के सुरक्षा नियमों की दृष्टि से इस सेवा कार्य के लिए अन्य स्थान निर्धारित किए जाने की आवश्यकता बताई। सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रोटी बैंक के सेवा कार्य को अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए जगह तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर नगर के गणमान्य नागरिकों एवं नगर परिषद के साथ समन्वय कर सेवा कार्य के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित किया जाए।




















