सोहागपुर के PM श्री और CM राइज स्कूलों की राशि पर उठे सवाल, भोपाल तक पहुंचा मामला

सोहागपुर। सोहागपुर विकासखंड क्षेत्र के पीएम श्री और सीएम राइज विद्यालयों को आवंटित विशेष राशि के उपयोग को लेकर कथित वित्तीय अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन का मामला अब राजधानी भोपाल तक पहुंच गया है। मामले में जांच कराने और यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की गई है। सोहागपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर सिंह ठाकुर के अनुरोध पर राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने इस मामले को लेकर मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण भोपाल, कलेक्टर नर्मदापुरम और जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा है।
विशेष राशि के इस्तेमाल की जांच की मांग
पत्र में सोहागपुर क्षेत्र के पीएम श्री और सीएम राइज विद्यालयों को मिली विशेष राशि के उपयोग की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही, जांच में यदि नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है। पत्र में दोष सिद्ध होने की स्थिति में निलंबन जैसी कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है।
भाई-भतीजावाद के भी लगाए गए आरोप
बताया गया है कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर सिंह ठाकुर ने इससे पहले भी इस संबंध में शिकायत की थी। शिकायत में विद्यालयों को आवंटित राशि के इस्तेमाल और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए गए थे। इसके अलावा स्टाफ के नाम पर कथित तौर पर भाई-भतीजावाद करते हुए रिश्तेदारों की नियुक्ति किए जाने के आरोप भी लगाए गए। शिकायत में विद्यालयों को मिली राशि के उपयोग, संबंधित प्रक्रियाओं और नियमों के पालन की विस्तृत जांच कराने की मांग की गई है। अब विधायक द्वारा शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजे जाने के बाद विभागीय जांच होती है या नहीं और जांच में क्या सामने आता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।



















