किसानों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, धान खरीदी के 30 लाख रुपये लेकर हुआ था फरार

सोहागपुर। पुलिस के अनुसार बरेली निवासी ओमप्रकाश सोनी ने ग्राम माछा के किसानों से धान खरीदी थी, लेकिन करीब 30 लाख रुपये की राशि का भुगतान किए बिना घर से फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी और अन्य संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विदिशा जिले से गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, हिसाब-किताब की डायरियां जब्त की हैं।
23 मई को किसानों ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को ग्राम माछा निवासी किसान नरेश लोधी सहित अन्य किसानों ने थाना सोहागपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि बरेली निवासी ओमप्रकाश सोनी द्वारा ग्राम माछा के किसानों से धान खरीदी गई, लेकिन धान की करीब 30 लाख रुपये की राशि का भुगतान किए बिना वह घर से फरार हो गया। शिकायत पर थाना सोहागपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा: कुकड़ी खापा वॉटरफॉल में फंसे नागपुर के 4 पर्यटक, पुलिस-SDRF ने किया सफल रेस्क्यू
पुलिस टीम गठित कर शुरू की गई तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईकृष्णा एस. थोटा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी सोहागपुर अरविंद शाह के निर्देशन में थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी और अन्य संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी ओमप्रकाश सोनी को विदिशा जिले से गिरफ्तार किया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राहुल पटेल, उपनिरीक्षक विवेक यादव, सहायक उपनिरीक्षक गणेश राय, प्रधान आरक्षक भूपेश मिश्रा, आरक्षक सुनील ओझा, आरक्षक राहुल पदाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















