सोहागपुर: ब्रेक के पास अचानक आया चूहा, कार बेकाबू होकर पेड़ से टकराई; पति-पत्नी घायल

सोहागपुर। शोभापुर-अकोला टोला मार्ग पर सोमवार को एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा एसबीआई के सामने हुआ। कार में सवार पति-पत्नी घायल हो गए। दोनों घायलों को शोभापुर पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से सोहागपुर लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम रेफर किया गया।
नर्मदापुरम जाते समय हुआ हादसा
एएसआई गणेश राय ने बताया कि बनखेड़ी निवासी लेखराज सोनी अपनी पत्नी लक्ष्मी सोनी के साथ कार क्रमांक MP 04 CT 0106 से नर्मदापुरम जा रहे थे। अकोला टोला के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों पति-पत्नी को चोटें आईं।

ब्रेक के पास अचानक आया चूहा
लेखराज सोनी के मुताबिक, कार चलाते समय दोनों ने सीट बेल्ट लगा रखी थी। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग के दौरान ब्रेक के पास अचानक चूहा आ गया। उसे देखकर कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से टकरा गई। टक्कर के समय सीट बेल्ट लगी होने के कारण कार के एयरबैग भी खुल गए। इससे दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
कार का फर्स्ट पार्टी बीमा नहीं था
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जानकारी ली। बताया गया कि कार का फर्स्ट पार्टी बीमा नहीं था। शोभापुर पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
सीट बेल्ट, बीमा और वाहन जांच जरूरी
सोहागपुर पुलिस के यातायात जागरूकता अभियान के तहत चार पहिया वाहन चालकों को यात्रा के दौरान सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी जा रही है। पुलिस वाहन चालकों से वाहन का बीमा अपडेट रखने और यात्रा शुरू करने से पहले ब्रेक, टायर समेत वाहन की जरूरी जांच करने की अपील भी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटना की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।


















