युवा शक्ति विकसित भारत संवाद में उमड़ा युवाओं का उत्साह, MLA विजयपाल सिंह बोले- युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

सोहागपुर। नगर में युवा शक्ति विकसित भारत एवं नव मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता तथा विकसित भारत के संकल्प पर संवाद हुआ। इस दौरान अनेक युवाओं एवं कांग्रेस से आए तीन कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
अतिथियों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह थे। विशिष्ट अतिथियों में नगर परिषद अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुरेश पटेल, नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, संतोष तिवारी, अंजनी पटेल, गोपाल माहेश्वरी, भगवान सिंह पटेल, रामबाबू रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज तथा योगेश मालवीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल गहरैय्या ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह द्वारा युवाओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत से हुआ। अतिथियों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सदस्यता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
ये भी पढ़ें: हरदा: रेलवे ट्रैक पर मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, आत्महत्या की आशंका
विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का किया आह्वान
अपने संबोधन में विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने सोहागपुर में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल की स्वीकृति तथा मुहासा औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार सृजन की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी तथा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुरेश पटेल ने भी युवाओं को सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अभिनव पालीवाल, विजय छाबड़िया, ऋषभ गढ़वाल, युगल रघुवंशी, रूपेश रघुवंशी, रवि उइके, गौरव पालीवाल, आशीष विश्वकर्मा, पप्पू कुशवाहा, केशव जाजू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नव मतदाता एवं युवा उपस्थित रहे।
Edited By: Sumit Shrivastava












