Peoples Update Special :'युवा टीम उमरिया' की अनूठी पहल...विदाई से पहले पौधा रोपकर नव-दंपति ले रहे संरक्षण का संकल्प

जबलपुर। शादियों में सात फेरों के साथ सात वचन लेने की परंपरा तो सदियों पुरानी है, लेकिन मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में नव-विवाहित जोड़े अब एक आठवां वचन भी ले रहे हैं-पर्यावरण संरक्षण का वचन। 'युवा टीम उमरिया' की एक अनूठी पहल ने जिले की शादियों का रंग ही बदल दिया है। इस अभियान को नाम दिया गया है: "अटूट हो सांसों का बंधन, पहले पौधरोपण, फिर गठबंधन।" उमरिया के युवाओं की यह टोली आज पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन चुकी है।

पौधा लगाते हुए करन और सजाता
एक साल पहले शुरू किया अभियान
इस अभिनव अभियान की शुरूआत करीब एक साल पहले युवा हिमांशु तिवारी और उनके साथियों ने की थी। हिमांशु का मानना है कि शादी के समय लिए गए संकल्प को लोग जीवनभर निभाते हैं, इसलिए पर्यावरण की रक्षा का जिम्मा सौंपने के लिए इससे बेहतर कोई और मौका हो ही नहीं सकता। आज इस मुहिम से सौ से ज्यादा युवा वाट्सएप के जरिए जुड़ चुके हैं, जो बिना किसी सरकारी मदद के, अपनी जेब से खर्च उठाकर हर शादी में पौधे पहुंचा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: MP UCC Update: एमपी कैबिनेट ने यूसीसी विधेयक को दी मंजूरी, विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होगा बिल
गत वर्ष रोपे गए पौधों में लग गए फल
उल्लेखनीय है कि, युवा टीम उमरिया द्वारा यह पहल साल भर पहले शुरू की गई थी। गत वर्ष योगिता-योगेंद्र सिंह, कविता-अजय, रानी-मनोज, सविता-राजेश आदि नव दंपतियों द्वारा लगाए गए हाईब्रिड आम, नीम और जामुन के पौधे अब बड़े हो चुके हैं और कई पेड़ों में तो इस वर्ष फल भी लगे थे। इस उपलब्धि पर नव दंपतियों ने युवा टीम का आभार व्यक्त किया है।

योगिता और योगेंद्र द्वारा लगाया आम का पौधा
पौधेे वृक्ष बनेंगे तो वैवाहिक वर्षगांठ के साक्षी होंगे
पहले पौधरोपण फिर गठबंधन अभियान को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। ये पौधे जब कल वृक्ष बनेंगे, तो इन जोड़ों की वैवाहिक वर्षगांठ के जीवंत साक्षी होंगे। आज के प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में यह पहल समाज को एक नई दिशा दिखा रही है।
हिमांशु तिवारी, संयोजक, युवा टीम उमरिया
ये भी पढ़ें: नागालैंड में भूस्खलन से तबाही: 3 की मौत, 4 लोग मलबे में दबे; रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीमें












